अयोध्या: यूपी बोर्ड परीक्षा में मिलीं खामियों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव हुए सख्त, कहा- केन्द्र व्यवस्थापक पर करें कार्रवाई
मनोहर लाल इंटर कॉलेज में पकड़ी गईं खामियों का माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने लिया संज्ञान
अयोध्या। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में शुक्रवार को सामने आईं खामियों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने डीआईओएस को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी के संबंध में सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि परीक्षा केंद्र कोड संख्या 1018 में बड़ी अनियमितता पाई गई है। डीवीआर, सीसीटीवी ऑफलाइन होने की वजह से विजिबल नहीं है। स्ट्रांग रुम पूर्व में ऑनलाइन विजिबल था लेकिन यूजरनेम और पासवर्ड परिवर्तित किए जाने के कारण विजिबल नहीं मिला।
इतना ही नहीं स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे की गुणवत्ता अत्यंत खराब पाई गई है। विजिबिलिटी शून्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि अनियमितता को लेकर केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कार्रवाई करें।
बोर्ड परीक्षा प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गंभीर अनियमितता मिली है, बड़ी कार्रवाई सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि सचिव की ओर से जारी कोड संख्या का केन्द्र शहर का मनोहर लाल इंटर कॉलेज है।

यह भी पढे़ं: राममंदिर बनने से नेपाल-भारत के रिश्ते और होंगे मजबूत: सऊद
