Kanpur: हैलट में मरीजों को पीजीआई से मिलेगा इलाज; आईसीयू में भर्ती मरीजों को ऑनलाइन देखेंगे विशेषज्ञ...
हैलट अस्पताल में टेली आईसीयू की सुविधा शुरू की गई
कानपुर, अमृत विचार। हैलट के एनेस्थीसिया आईसीयू में भर्ती मरीजों को अब एसजीपीजीआई, लखनऊ के विशेषज्ञों से भी सलाह और इलाज मिल सकेगा। एसजीपीजीआई के विशेषज्ञ हैलट आईसीयू में भर्ती मरीजों को ऑनलाइन देखेंगे, जिसके लिए हैलट अस्पताल में टेली आईसीयू की सुविधा शुरू की गई।
हैलट इमरजेंसी में बने एनेस्थीसिया आईसीयू को एसजीपीजीआई से जोड़ दिया गया है। हैलट में भर्ती मरीज के इलाज, दवा की डोज आदि के संबंध में यहां के डॉक्टर एसजीपीजीआई के डॉक्टरों से चर्चा कर सकेंगे। एसजीपीजीआई के विशेषज्ञों से सहयोग लेने पर इलाज करना और आसान होगा। इसके लिए आईसीयू में तीन कैमरे लगाए गए हैं।
शुक्रवार को टेली आईसीयू के स्टेट नोडल डॉ.आरके सिंह ने हैलट अस्पताल के आईसीयू का निरीक्षण का व्यवस्थाओं को परखा। बताया कि सरकार ने संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (एसजीपीजीआई) को प्रदेश में टेलीमेडिसिन व टेली-आइसीयू सेवा का हब बनाया है। इसके तहत प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों को एसजीपीजीआई से जोड़ा जा रहा है। इसमें कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज, झांसी और आगरा मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
कई बार मेडिकल कॉलेज के आइसीयू में भर्ती मरीजों की हालत नियंत्रण के बाहर होने पर उनको एसजीपीजीआई या अन्य हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है। ऐसे में टेली आइसीयू के जरिये एसजीपीजीआई के विशेषज्ञ लखनऊ से ही प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का सहयोग कर सकेंगे, जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाना और आसान होगा।
हैलट के एनेस्थीसिया आईसीयू में भर्ती मरीजों को टेली आईसीयू की सुविधा मिलेगी। टेली आईसीयू की मदद से एसजीपीजीआई के डॉक्टरों से भी इलाज के संबंध में जानकारी साझा की जा सकती है। टेली आईसीयू का लाभ गंभीर मरीज को मिलेगा। - प्रो. संजय काला, प्राचार्य जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज
यह भी पढ़ें- Kanpur: तीन सगे भाइयों को मिला आजीवन कारावास; सिर्फ इस वजह से की थी युवक की हत्या...
