बाराबंकी: माघी पूर्णिमा पर सैलानी माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब, गूंजे मां के जयकारे, जानिए क्या है तीर्थस्थान की खासियत?
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चार थानों के पुलिस बल को किया गया तैनात
सतरिख, बाराबंकी। माघी पूर्णिमा को सैलानी माता मंदिर पर आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के दरबार में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं को लाइन में लगकर घंटों अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया।
सतरिख थाना क्षेत्र के डल्लू खेड़ा गांव में गोमती नदी के तट पर प्रसिद्ध सैलानी माता का मंदिर है। माघ की पूर्णिमा को यहा दो दिवसीय मेला लगा है। शनिवार को पहले दिन जिले के अलावा अन्य दूरदराज के स्थानों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अधिक भीड़ होने के कारण मंदिर के दोनों तरफ श्रद्धालुओं की लंबी लाइने लगी रहीं।
श्रद्धालु मंदिर से थोड़ा दूर स्थित अभरन जिसमें हर पल धरती से शीतल जल निकलता रहता है, स्नान कर मां के दरबार में माथा टेकने के लिए लाइन में लग गए। इस दौरान मां के जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा।
सैलानी माता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव का कहना है कि सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइनें लगी हैं। मंदिर आने वाला हर मार्ग मां की जयकारों से गूंज रहा है। एसओ सतरिख अमर चौरसिया ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से असंद्रा, हैदरगढ़, जैदपुर, के अलावा सतरिख थानें का पुलिस बल मेला में तैनात है।
वाहन स्टैंड वाले करते हैं अभद्रता, बैठी रहती है पुलिस
सैलानी माता मंदिर से करीब चार सौ मीटर पहले अलग-अलग दो स्थानों पर वाहन स्टैंड संचालित है। जिसमें बाइक कार सहित अन्य वाहन जमा कराए जाते हैं। मुख्य मार्ग पर संचालित वाहन स्टैंड पर पुलिस बल तैनात है। यहां पर जबरन बाइक और कार को स्टैंड में जमा कराया जाता है। विरोध करने वालों से पुलिस के सामने ही स्टैंड संचालक अभद्रता करते हैं। लखनऊ के मटियारी से अपनी पत्नी के साथ आए प्रदीप कुमार से वाहन स्टैंड में जमा करने को लेकर संचालकों ने अभद्रता की लेकिन पुलिस खामोश बैठी रही।

यह भी पढ़ें: गोंडा: BJP सांसद संग पैराग्लाइडर पद्मश्री शीतल महाजन ने 5 हजार फीट से छलांग लगाकर रचा इतिहास, देखें VIDEO
