बदायूं: बीच बचाव कराने पर युवक को पीटा, हिंदू महासभा के प्रदेश संयोजक पर FIR
बदायूं, अमृत विचार: शराब के रुपयों को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दूध का व्यापार करने वाला एक व्यक्ति बीच बचाव कराने पहुंचा। चार लोगों ने व्यक्ति से गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर हिंदू महासभा के प्रदेश संयोजक समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गांव अन्नी निवासी भुवनेश पुत्र रामवरन ने तहरीर देकर बताया कि वह गांव भरकुईया में दूध का काम करते हैं। वहां रहने वाले मितान पुत्र ब्रजपाल अवैध शराब का कारोबार करते हैं। कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव लऊआ निवासी मनोज कुमार सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह 21 फरवरी शाम लगभग साढ़े छह बजे उनके पास मजदूरों के लिए शराब लेने गए थे।
जहां रुपयों को लेकर मितान और मनोज कुमार के बीच विवाद हो गया। शोर सुनकर भुवनेश उनके पास पहुंच गए। आरोप है मितान सिंह, मुकेश पटेल, अनुराग और सौरभ उनसे गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पीटने लगे। मारपीट का शोर होने पर गांव निवासी अमोला देवी पत्नी हरीश सिंह वहां पहुंची और बीच बचाव कराया।
मुकेश पटेल हिंदू महासभा के प्रदेश संयोजक हैं। धमकाया कि वह बड़े नेता हैं। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। गांव में दूध का व्यापार करना बंद करा देंगे। जब चाहें मरवा देंगे। पुलिस ने आरोपी मितान सिंह, मुकेश पटेल, अनुराग और सौरभ के खिलाफ मारपीट, धमकाने आदि के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: हर-हर गंगे के जयकारे के साथ लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
