बदायूं: डांस सीखने गई युवती को शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, किशोरी ने भी लगाए आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार: शहर निवासी युवती और एक गांव निवासी किशोरी ने डांस कोचिंग के डायरेक्टर पर उनके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया। युवती ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और किशोरी ने रात में सोते समय गलत हरकत करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

युवती ने बताया कि वह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा है। शहर के एक कॉलेज में पढ़ती है। दो साल पहले वह सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में संचालित कोचिंग में डांस सीखने के लिए गई थी। दो महीने तक डांस सीखा। कोचिंग के डायरेक्टर ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। कुछ दिनों के बाद उसका उत्पीड़न करने लगा। शारीरिक संबंध भी बनाए। 

युवती ने ऐसा करने से मना किया तो वह शादी करने का झांसा देने लगा। युवती उसी बातों में आ गई लेकिन युवक ने उससे शादी नहीं की। आरोप है कि डायरेक्टर ने कहा कि अगर युवती ने उसके साथ संबंध खत्म किए तो उसके परिजनों को जान से मार देगा। वह डर गई और किसी से शिकायत नहीं कर सकी। 

वहीं शहर के पास के एक गांव निवासी किशोरी ने बताया कि वह कक्षा आठ की छात्रा है। छह महीने पहले वह डांस की कोचिंग करने गई थी। डांस सीखा। 15 फरवरी को बरेली के कस्बा आंवला में डांस का ऑडिशन था। वह अन्य छात्राओं के साथ आंवला चली गई। वहां से लौटने पर रात हो गई थी। सभी छात्राएं वापस लौट गईं। कोचिंग संचालक ने उसे रोक लिया। 

उसने किशोरी के घर पर फोन कर दिया किया कि रात ज्यादा हो गई है जिसके चलते किशोरी को कोचिंग में सुला दिया है। संचालक ने उसे बिस्तर दिया। खुद भी उसी बिस्तर पर सो गया। आरोप है कि रात में उसने किशोरी के साथ गलत काम किया। विरोध करने पर उसने किशोरी को धमकाया।

दोनों छात्राओं की सोमवार को मुलाकात हुई। दोनों ने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। दोनों एक साथ कोतवाली पहुंचीं। आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू की। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि तहरीर मिली थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: बीच बचाव कराने पर युवक को पीटा, हिंदू महासभा के प्रदेश संयोजक पर FIR

संबंधित समाचार