अयोध्या: यहां सुबह-शाम पानी आता है तो होता है जलभराव, हाल ITI के सामने आवास विकास कॉलोनी का

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। निर्माण और विकास ने आवास विकास परिषद के अवधपुरी कॉलोनी फेस तीन निवासियों के सामने बड़ी दिक्कत खड़ी कर दी है। सुबह-शाम इस इलाके में पानी आता है तो जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। कुछ हिस्से में तो जलभराव नियमित समस्या बन गई है। 

जिसके चलते लोगों की दिनचर्या और आवागमन तो प्रभावित हो ही रहा है, संचारी रोग की आशंका बढ़ गई है। निवासी मच्छरों के प्रकोप से परेशान हैं और शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का पूर्ण निदान नहीं हुआ। अलबत्ता मोटर चलाने पर मुख्य मार्ग का पानी तो सीवर लाइन में चला जाता है लेकिन नालियों का जलभराव दूर नहीं हो रहा।  
 
अवधपुरी कालोनी के मकान नंबर 1495 के पास जल जीवन मिशन की ओर से पेयजल सप्लाई के लिए ट्यूवबेल की स्थापना का कार्य किया जा रहा है। बोरिंग का काम पूरा हो गया है और भवन का निर्माण होना है। पार्क में निर्माण सामग्री रखी होने के चलते बच्चों को खेलकूद के लिए उपलब्ध नहीं हो पा रहा। बोरिंग के दौरान निकली मिटटी से संबंधित क्षेत्र की नालियां कीचड़युक्त हो गई हैं। जलभराव के चलते नालियां उफना रही हैं और कीचड़ सड़क की पटरियों पर आ गया है। 

    
कालोनी निवासी अनिल कुमार सिंह का कहना है आवास विकास परिषद की ओर से नियोजित विकास के तहत बनवाई गई यह कालोनी जलभराव के चलते कालोनीवासियों के लिए दिक्क्त का सबब बन गई है। आने जाने  के लिए कीचड़ और बदबू से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई लोगों के सामने गंदा पानी और कीचड़ जमा है तथा लोगों को खिड़की दरवाजा बंद रखना पड़ता है। 

उनका कहना है कि दिन में जब मोटर से पानी खींचकर रामपथ के सीवर में डाला जाता तो मुख्य सड़क से जलभराव से निजात मिलती है, लेकिन सुबह-शाम जलभराव बरकरार रहता है।  कालोनी वासी भाजपा से जुडी महिला नेता मधु पाठक का कहना है कि उनके घर के बगल 10-15 दिन से जलभराव है और इलाका तालाब की तरह बन गया है। 

नगर निगम से कलोनीवासियों ने शिकायत भी की, लेकिन समस्या से अभी निजात नहीं मिल पाई। जुड़वाँ पार्क के निकट रहने वाले रोडवेज कर्मी राजेंद्र पांडेय का कहना है कि आईटीआई के सामने बड़ी बुआ रेलवे क्रॉसिंग और आईटीआई के पश्चिमी गेट के सामने स्थित कॉलोनी की सड़क की दोनों पटरियों पर जलभराव है। जिससे लोगों को आना-जाना दूभर हो गया है। कॉलोनीवासियों ने जिला अधिकारी, महापौर आदि से संपर्क किया,लेकिन समस्या का निदान न हो सका और परेशानी यथावत है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: भाजपा सरकार से समाज का हर वर्ग परेशान, कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले अवधेश प्रसाद

संबंधित समाचार