बिजनौर : युवक की हत्या में जीजा-साली गिरफ्तार, जेल भेजा
शेरकोट, अमृत विचार। लगभग एक वर्ष पहले हाईवे स्थित घोसियवाला गन्ना सेंटर के सामने मिले युवक के शव के प्रकरण का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने युवक की हत्या करने के आरोप में जीजा-साली को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बता दें कि पिछले साल 13 मार्च को गांव घोसियावाला गन्ना सेंटर के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान मृतक की बहन गीता पत्नी मोनू निवासी गांव कल्लूवाला थाना रेहड़ ने अपने भाई राजेन्द्र सैनी के रूप में करते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में गीता ने बताया था कि उसके भाई राजेन्द्र कई वर्षों से गांव सालमाबाद थाना नहटौर निवासी जयराम की पुत्री नीरज से प्यार करता था और नीरज भी उससे प्यार करती थी। जिसपर रिश्तेदारों ने दोनों का रिश्ता तय करा दिया था तथा गोद भराई की रस्म भी हो गई थी।
लेकिन रिश्ते के लगभग छह माह बाद नीरज के जीजा व पिता ने रिश्ते को तोड़ते हुए 12 मार्च को गोद भराई का सामान वापस ले गए थे। तभी से उसका भाई लापता था तथा 13 मार्च को उसका शव बरामद हुआ था। उस समय मृतक की बहन ने युवती के पिता जयराम, जीजा प्रेम सिंह व भाई मनोज के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन उस समय पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की थी। अब लगभग एक वर्ष बाद पुलिस मृतक के मिले मोबाइल के आधार पर युवती नीरज व जीजा प्रेम सिंह को हत्या का आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढे़ं : संभल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का निधन, लंबे समय से अस्पताल में थे भर्ती
