गोंडा: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 634 जोड़ियों की हुई शादी, 58 का पढ़ाया निकाह
समाज कल्याण विभाग ने आयोजित किया सामूहिक विवाह समारोह
गोंडा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को समाज कल्याण विभाग की तरफ से सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के एक निजी मैरिज लान में आयोजित समारोह में 634 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि अल्पसंख्यक समुदाय के 58 जोड़ियों का निकाह पढ़ाया गया। इस समारोह में कुल 692 निर्धन कन्याओं की शादी करायी गयी।
सांसद प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, पीडी चंद्रशेखर, जिला कृषि अधिकारी जगदीश यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी व जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने नव दंपतियों को आशिर्वाद देकर उन्हे सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामना दी।
शहर के सद्भावना चौकी के समीप स्थित एक निजी मैरिज लॉन में मंगलवार को समाज कल्याण विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 900 निर्धन कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए जिले के सभी 16 ब्लाकों के आवेदकों को बुलाया गया था इस लक्ष्य के सापेक्ष समारोह में कुल 692 निर्धन कन्याओं की शादी करायी गयी।

इसमें 634 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए और एक दूजे का साथ निभाने की कसम खायी। वहीं अल्पसंख्यक समुदाय के 58 जोडियों का मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह पढ़ाया गया। सामूहिक विवाह योजना में शामिल होने वाले नव दंपतियों को सरकार की तरफ से 10 हजार रूपये का सामान जिसमे डिनर सेट, साड़ी, पैन्ट - शर्ट, ट्राली बैग, दीवाल घडी, प्रेशर कूकर व चांदी की पायल बिछिया उपहार के रूप में दिया गया।
यह भी पढ़ें:-सांसद ने पांच करोड़ की निर्माण परियाजेनाओं का किया शिलान्यास, कहा- क्षेत्र के विकास का पैमाना होती हैं सड़कें
