बरेली में बनेगा सौ शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक हॉस्पिटल, निर्माण की मिली मंजूरी
बरेली, अमृत विचार। नब्बे करोड़ से अधिक लागत में बने तीन सौ बेड अस्पताल में भले ही अभी डॉक्टर तैनात नहीं हो सके हैं और इसके पूरे तरीके से चलाने की कोई कार्ययोजना न बनी हो लेकिन शहर में एक और बड़ा अस्पताल बनाने की तैयारी कर ली गई है। शहर में अब सौ शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक हॉस्पिटल बनेगा। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत नए अस्पताल के निर्माण की मंजूरी मिली है।
अस्पताल करीब 45 सौ वर्ग मीटर जमीन में बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन देखी जा रही है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड काे सौंपी गई है। जल्द हॉस्पिटल का निर्माण कराने के लिए वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने जिलाधिकारी को भूमि उपलब्ध कराने को चिट्ठी लिखी है।
23 फरवरी को वनमंत्री की ओर से जिलाधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया है कि उप्र राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड बरेली अंचल के अतिरिक्त महाप्रबंधक डीएस राणा की ओर से 24 जनवरी को लिखे पत्र का संज्ञान लें। जिसमें प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत जिले में सौ शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक हॉस्पिटल के निर्माण कार्य के लिए भूमि चिह्नित कर उपलब्ध कराने के संबंध में लिखा गया है।
अस्पताल निर्माण के लिए बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र के मानसिक चिकित्सालय में उत्तर दिशा में खाली पड़ी जमीन पर अस्पताल का निर्माण कराने के साथ इसका रास्ता भी अलग किया जा सकता है। इसके लिए स्थलीय निरीक्षण कराकर कार्यवाही से अवगत कराएं। वनमंत्री का पत्र मिलने के बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने एडीएम प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।
भूमि चयन न होने से आगणन का कार्य भी रुका
वनमंत्री के पत्र से पहले उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के अतिरिक्त महाप्रबंधक डीएस राणा ने भी डीएम को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा कि सौ शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक हॉस्पिटल के निर्माण के लिए 45 सौ वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराने की मांग की लेकिन निर्माण निगम को अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हाे पाई है। शासन एवं निगम मुख्यालय से निर्माण कार्य का आगणन गठित कर जल्द कार्य करने के निर्देश दिए हैं। भूमि उपलब्ध न होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने डीएम से अतिशीघ्र भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
ये भी पढे़ं- बरेली: आईएमसी राष्ट्रीय सचिव डॉ नफीस के परिवार पर जानलेवा हमला,बेटों को दी झूठे केस में फसाने की धमकी
