फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: अब 5 मार्च तक चलेगा एमडीए मिशन, बढ़ाई गई तिथि   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फाइलेरिया उन्मूलन को एमडीए अभियान एक सप्ताह और चलेगा

लखनऊ, अमृत विचार। फाइलेरिया उन्मूलन को 28 फरवरी तक चलने वाला सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान अब 5 मार्च तक चलेगा। स्वास्थ्य महानिदेशक ने पत्र भेज कर संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को यह निर्देश दिये हैं। राज्य कार्यक्रम अधिकारी, फाइलेरिया डॉ. रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि 17 जिलों में एमडीए अभियान को सफल बनाने के लिए इस अभियान की तारीख एक सप्ताह और बढ़ाई गई है। अभी 26 तारीख तक इस अभियान के दौरान 27250396 लोगों ने दवा का सेवन कर लिया है। दवा सेवन के हर दिन के आंकड़े ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में फाइलेरिया प्रभावित 51 जिले हैं। अभियान में 56 हजार 728 स्वास्थ्यकर्मी, 28 हजार 364 टीमें और सात हजार पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। कुल तीन करोड़ 60 लाख 25891 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। ध्यान रखें इस दवा का सेवन दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रूप से बीमार को छोड़कर सभी को करना है। दवा सेवन के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भी संपर्क कर सकते हैं।

इन 17 जिलों में चल रहा अभियान 
यह अभियान प्रदेश के 17 जिलों में चल रहा है। इसमें अमेठी, आजमगढ़, बलिया, बांदा, बाराबंकी, बरेली, हमीरपुर, जौनपुर, जालौन, लखनऊ, पीलीभीत, शाहजहांपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, उन्नाव और वाराणसी शामिल है। अमेठी, आजमगढ़, बांदा, बाराबंकी, बरेली, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, उन्नाव और वाराणसी में ट्रिपल ड्रग (आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल) खिलाई जा रही है जबकि बलिया, हमीरपुर, जालौन, जौनपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और सोनभद्र में डबल ड्रग (डीईसी और एल्बेंडाजोल) का सेवन कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें -Gaganyaan Mission: प्रयागराज के अंगद भी इस ऐतिहासिक यात्रा में हैं शामिल, PM मोदी ने देश से कराया परिचय

संबंधित समाचार