बरेली गोलीकांड: 20 मिनट सड़क पर पड़े तड़पते रहे थे लांसनायक, न कोई अस्पताल ले गया न बाद में गवाही देने के लिए हुआ तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ध्रुव चौधरी और उसके भाई राजेश का सदर बाजार इलाके में इतना जबर्दस्त आतंक था कि कोई उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। गोली मारने के बाद लांसनायक अनिल कुमार करीब 20 मिनट तक मौके पर ही तड़पते रहे लेकिन किसी ने उन्हें उठाकर पड़ोस में ही अस्पताल तक नहीं पहुंचाया। बाद में पुलिस ने गवाही देने के लिए कहा, तब भी कन्नी काट गए। 

इस घटना ने सेना और सिविलियंस के रिश्तों पर जबर्दस्त चोट की। सेना ने आउट ऑफ बॉन्ड की घोषणा कर सेना के जवानों को सिविल इलाकों से हटाने की तैयारी शुरू कर दी। सिविल एरिया की दुकानों पर खरीदारी करने भी रोक लगा दी गई थी।

सदर बाजार के जिस चौराहे पर ध्रुव चौधरी ने लांसनायक को दिनदहाड़े दो गोलियां मारी थीं, वह काफी व्यस्त बाजार है। घटना के दौरान भी वहां सभी दुकानें खुली हुई थीं और सैकड़ों लोगों की आवाजाही चल रही थी। गोली लगने के बाद लांसनायक के गिरते ही ऐसी दहशत फैली कि आननफानन पूरा बाजार बंद हो गया।

लांसनायक करीब 20 मिनट वहीं तड़पते रहे लेकिन उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। दुकानदारों में मची भगदड़ के बीच ध्रुव चौधरी ने सरेआम तमंचा लहराते उन्हें मुंह न खोलने की धमकी दी थी। सेना के जवानों में सबसे ज्यादा इसी बात पर गुस्सा था कि अगर कोई लांसनायक को पड़ोस में ही स्थित जनरल अस्पताल पहुंचा देता तो उनकी जान बच सकती थी।

इस मामले में केस दर्ज करने के लिए जब पुलिस ने इलाके के लोगों से बात की तो कोई भी गवाही देने के लिए तैयार नहीं हुआ। इससे सेना में सिविलियंस के प्रति गुस्सा और बढ़ गया। सैन्य अफसरों ने आउट ऑफ बॉन्ड की घोषणा करते हुए सेना के जवानों के सिविल एरिया में खरीदारी करने पर रोक लगा दी और उनकी रिहायश को भी सिविल इलाके से हटाने के लिए कोशिशें शुरू कर दीं। किराए के मकानों में रहने वाले सैकड़ों फौजियों ने इसके बाद सदर बाजार इलाका छोड़ दिया था। इसका काफी असर सदर और बीआई बाजार की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा था।

तमंचा लेकर खुद थाने पहुंचा था ध्रुव चौधरी
लांसनायक अनिल कुमार की हत्या करने के बाद ध्रुव चौधरी तमंचे के साथ खुद थाने पहुंचा था जहां उसने बताया था कि अनिल ने उसके भाई राजेश को थप्पड़ मारा था जिसका बदला लेने के लिए उसने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी है।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: लोड टेस्टिंग में मानकों पर खरा उतरा कुतुबखाना पुल, अब पूरी तैयारियों के साथ लोकार्पण की बारी

 

संबंधित समाचार