अमरोहा : बंद मकान में चल रहा था नशे का कारोबार, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मारा छापा...डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही कीमत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर एक घर से 7 किलो स्मैक और 40 किलो स्मैक बनाने का पाउडर पकड़ा है। इसकी अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस एक आरोपी को दिल्ली से साथ लेकर आई थी। बरामदगी के बाद टीम वापस लौट गई है। एक महीना पहले बरेली के मीरगंज निवासी वली दराज व सलमान ने अमरोहा निवासी शराफत हुसैन से उनका मकान खरीदा था। सात लाख रुपये का भुगतान कर वलीदराज यहां आकर रहने भी लगा था। उसके साथ महिला थी, जिसे पत्नी बताता था। 

हालांकि 25 फरवरी को वली दराज व महिला मकान पर ताला लगाकर चले गए थे। अब बुधवार रात दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम हथकड़ी लगे एक युवक को लेकर अमरोहा पहुंची तथा नगर कोतवाली में आमद दर्ज कराई। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर मकान पर छापा मार दिया। मकान पर लगा ताला तोड़ कर भीतर जाकर तलाशी ली तो वहां सात किलो स्मैक व लगभग 40 किलो स्मैक तैयार करने का पाउडर बरामद हुआ। अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। 

साथ ही वलीदराज को मकान खरीदने में बिचौलिया की भूमिका निभाने वाले अमरोहा के दो लोगों को भी साथ ले गई है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच अभियुक्त को रिमांड पर लाई थी। जिसने कोतवाली में आमद दर्ज कराई थी। यहां से क्या बरामद किया है, इस बारे में दिल्ली पुलिस ने जानकारी नहीं दी है।

ये भी पढ़ें : अमरोहा : पहले मांगी 6 करोड़ की फिरौती, फिर दोस्तों ने कर दी हत्या...अब पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार