अमरोहा : पहले मांगी 6 करोड़ की फिरौती, फिर दोस्तों ने कर दी हत्या...अब पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
गजरौला, अमृत विचार। ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात छात्र की हत्या करने वाले आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हुई। पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को दादरी में हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। अभी एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। आपको बता दें कि जांच के दौरान गुमशुदा छात्र के एक दोस्त को गिरफ्तार किया गया। जिसने बताया कि उसने अन्य साथियों के साथ मिल कर छात्र यश मित्तल की हत्या कर शव तिगरिया अमरोहा के जंगल में गाढ़ दिया।
यश मित्तल के फोन पर अज्ञात नंबर से की गई थी 23 बार कॉल
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने यश मित्तल का अपहरण करने की योजना करीब तीन महीने पहले बना ली थी। इसके बाद उसके नंबर पर लगातार कॉल की जा रही थीं। बताया जा रहा है कि यश मित्तल के फोन पर पिछले तीन महीने में अज्ञात नंबर से 23 बार कॉल की गई थी। आरोपियों ने फिरौती के लिए ही यश मित्तल का अपहरण किया था और छह करोड़ की फिरौती न मिलने पर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि गला दबाकर यश मित्तल की हत्या की गई है।
खींचातानी के बाद हुई फायरिंग
नोएडा पुलिस सर्विलांस से गांव तिगड़िया भूड़ में आरोपी के घर पहुंची तो वहां पर हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उसके बाद जब वह उसे लेकर चली तो स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिय और पुलिस से खींचातानी भी हुई। इसके बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग की तो वहां पर भगदड़ मच गई। पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। तो उसकी निशानदेही के आधार पर मृतक के शव को बरामद किया गया।
करीब 40 साल से गजरौला में रहते हैं प्रदीप कुमार मित्तल
यश मित्तल के पिता प्रदीप कुमार मित्तल मूलरूप से बुलंदशहर जनपद में स्याना थानाक्षेत्र के बुगरासी अड्डा बड़ा बाजार के रहने वाले हैं। वहीं उनका पैतृक घर है। परिजनों के मुताबिक प्रदीप कुमार मित्तल करीब 40 साल पहले गजरौला में आकर बस गए थे। यहीं पर इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान का बड़ा कारोबार करते हैं। प्रदीप मित्तल सूर्य इलेक्ट्रॉनिक्स नामक फर्म है। उनकी गजरौला ही नहीं बल्कि पूरे जिले में अच्छी पहचान है।
ये भी पढ़ें : Amroha: छह करोड़ की फिरौती नहीं मिलने पर व्यापारी के बेटे की हत्या, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गड्ढे से बरामद किया शव
