सुलतानपुर: मंदिर से निकल रही थी शोभायात्रा, अचानक अनियंत्रित डीजे पलटा और हो गया हादसा, महिला की दबकर मौत
सुलतानपुर, अमृत विचार। मंदिर से निकली शोभायात्रा में बज रहा डीजे अनियंत्रित होकर पलट गया। शोभायात्रा में चल रही एक महिला डीजे के नीचे दब गई। जब तक महिला को डीजे के नीचे से निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बंधुआकला थाना क्षेत्र के पूरे चंदर मिश्र मझना गांव के मंदिर से गुरुवार को शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा के दौरान बज रहा डीजे पानी से भरे गड्ढे में जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। डीजे पलटने के दौरान साथ चल रही महिला रम्पू यादव (55) पत्नी राम बक्स यादव दब गई। शोभायात्रा में चल रहे लोगों ने जब तक महिला को बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची बंधुआकला पुलिस महिला के शव को कब्जे ले लिया है। नवागत थाना प्रभारी अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ं: गोंडा: जिलाधिकारी ने लेवी के चावल को लेकर मंगल राइस मिल का किया निरीक्षण
