Unnao Accident: हाईवे पर कार ने कांवड़िये को रौंदा...एक की मौत, दो घायल, लोधेश्वर दर्शन के लिए पैदल निकले थे
उन्नाव में हाईवे पर अज्ञात कार ने कांवड़िये को रौंदा
उन्नाव, अमृत विचार। नवाबगंज के पास बीती देर रात तेज रफ्तार अज्ञात कार ने लोधेश्वर जा रहे तीन कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक कांवड़िये की मौत हो गयी। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गये। डॉक्टरों ने घायलों उपचार के लिये जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के इकहरा सिकंदरपुर गांव निवासी संतोष कुमार (45) पुत्र कल्लू, धन्नालाल पुत्र स्व. मन्नू व थाना हसनगंज क्षेत्र के सलोनपुर गौरी गांव निवासी मनीष पुत्र श्याम सागर तिवारी तीनों लोग साथ पैदल लोधेश्वर बाराबंकी कावड़ लेकर जा रहे थे।
अभी वह लोग अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज पक्षी विहार के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना में तीनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अवनीश सिंह ने तीनों कांवड़ियों को गंभीर अवस्था मे इलाज के लिये नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे। जंहा डॉक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष और धन्नालाल की हालत गंभीर देखते हुये उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक और घायलों के पारिवारिक जनों को दी। मृतक संतोष के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। इंस्पेक्टर अवनीश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा। घटना के बाद से परिजन रो-रोकर बेहाल है।
ये भी पढ़ें- Unnao के गंगातटों से कांविरयां जल भरकर जा रहे लोधेश्वर मंदिर...हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहे गंगातट
