गोंडा: बेटी की शादी के लिए गाए जा रहे थे मंगलगीत, अचानक पैदा हुआ 'दहेज का दानव' और कैंसिल हो गई शादी, जानिए माजरा?
लड़की के पिता की तहरीर पर तीन पर दर्ज हुआ केस
नवाबगंज, गोंडा। बेटी का विवाह सिर पर था। महिलाएं गीत गा रही थीं। तैयारियां चल रही थीं। लेकिन दहेज की मांग पूरी न होते देख महज 7 दिन पहले दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया। लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस द्वारा एक महिला समेत तीन लोगो के विरूद्ध दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की की शादी भोपतपुर गांव के निवासी राजेन्द्र निषाद के बेटे बसंत कुमार के साथ 6 माह पूर्व तय हुई थी और सगाई की रस्म भी कर दी गई थी। आठ मार्च को शादी का दिन भी तय कर दिया गया। शादी की सारी व्यवस्थाएं पूरी करने के साथ रिश्तेदारों व क्षेत्र में शादी का कार्ड की बांट दिया गया था।
दूल्हे पक्ष ने की दहेज की अतिरिक्त मांग
बीते बुधवार को लड़के के पिता द्वारा दहेज में दो लाख रुपए अतिरिक्त तथा एक कार की मांग रखी गई। जिसे वह पूरा कर पाने में असमर्थता जताई तो शादी करने से इंकार कर दिया। जब लड़के के घर जाकर परिवार वालों से बात करने की कोशिश की गई उन लोगों ने उसे तथा उसकी लड़की को भला बुरा कहते हुए भगा दिया। आरोप है कि सगाई के बाद से बसन्त निरन्तर लड़की से मोबाइल पर बात करता था तथा उससे मिलता जुलता भी था।
दूल्हे द्वारा दहेज की मांग और उसकी धमकी से परेशान होकर लड़की पक्ष द्वारा थाने तक मामले को ले जाया गया। लेकिन बीते एक सप्ताह से पुलिस के टाल-मटोल के बाद लड़की के पिता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार की।
कप्तान के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को बसन्त और उसके माता पिता के विरूद्ध वादी के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक त्रियुगी प्रसाद शर्मा को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: एलपीजी वाहन को टक्कर मारकर पलटी बोलेरो, नौ घायल, कोहराम
