बरेली: छात्रों से वसूली कर नकल कराने के मामले में होगी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छात्रों ने कक्ष निरीक्षक और केंद्र व्यवस्थापक पर लगाए थे गंभीर आरोप

बरेली, अमृत विचार। आंवला के सेंधा क्षेत्र स्थित सारांश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से वसूली कर नकल कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। डीआईओएस का कहना है कि इस संबंध में विधिवत जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शुक्रवार को केंद्र व्यवस्थापक सारांश गुप्ता ने डीआईओएस और आंवला एसडीएम को पत्र सौंप कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने छात्रों के आरोप बेबुनियाद बताए।

उनके अनुसार परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाएं सील की जा रही थीं। तभी कुछ परीक्षार्थी विद्यालय परिसर में घुस आए और शिक्षकों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। पुलिस को बुलाकर छात्रों को परिसर से बाहर निकाला। बताया कि परीक्षा केंद्र पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों से लैस है और 24 घंटे निगरानी की जा रही है। उन्होंने प्रकरण में एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर षडयंत्र रचने की आशंका जताई है।

परीक्षा के दौरान छात्रों को नकल कराने का लगा था आरोप
गुरुवार को कुछ छात्रों ने एसडीएम को दिए पत्र में बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक कई छात्रों को बोल कर नकल करा रही थीं। बाकी छात्रों ने भी कक्ष निरीक्षक से बताने को कहा । कक्ष निरीक्षक ने यह कहते हुए छात्रों को प्रधानाचार्य के पास भेज दिया कि पहले उनसे सेटिंग कर लो तब नकल कराई जाएगी। आरोप है कि प्रधानाचार्य के पास पहुंचे छात्र कनिष्क, मोहित यादव, करन शर्मा, अर्पित, आर्यन और अंकित के साथ मारपीट की गई।

ये भी पढ़ें- बरेली: फरार हिस्ट्रीशीटर अंकित की पत्नी और हवालात में ब्लेड पहुंचाने वाला गिरफ्तार

संबंधित समाचार