बरेली: नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अब दी हड़ताल की चेतावनी, बैठक कर बनाई रणनीति
नगर निगम में बैठक कर बनाई रणनीति, बुधवार तक धरना और फिर हड़ताल
बरेली, अमृत विचार। शहर के 30 वार्डों में ठेके पर सफाई कराने के फैसले का विरोध कर रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार तक फैसला वापस न लेने पर पूरी तरह काम बंद कर देने की चेतावनी दी है। सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह काम करने के बाद नगर निगम में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई और उसके बाद यह एलान किया। सोमवार से वे धरने पर बैठेंगे।
सफाई मजदूर संघ के महामंत्री राजेश कुमार ने बताया कि ठेकाप्रथा पर हाईकोर्ट में मामला चल रहा है, फिर भी नगर निगम प्रशासन ने 30 वार्डाें की सफाई व्यवस्था निजी हाथों को सौंप दी है। इसके विरोध में सोमवार से धरना-प्रदर्शन का नोटिस दे दिया गया है। शनिवार को नगर निगम के चारों गैराज के चालक भी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कर्मचारी धरना देंगे। जनता को असुविधा न हो, इसके लिए कर्मचारी सुबह अपना काम भी। तीन दिन धरना चलेगा और फिर भी मांग न मानी गई तो सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
ये भी पढ़ें- बरेली: श्रीराम के चरण स्पर्श से दोबारा स्त्री में परिवर्तित हुईं अहिल्या, देखिए...विलक्षण मूर्ति के अवशेष
