बरेली: मौसम ने ली करवट...बारिश और हवाओं के बीच लौटी ठंड, किसानों की बढ़ी चिंता
बरेली, अमृत विचार। बरेली समेत आस-पास के जनपदों में कई दिनों से आसमान में बादल छाए रहे। इस बीच शुक्रवार रात रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो आज भी जारी है। इस बेमौसम बारिश से जन जीवन प्रभावित हो रहा है, स्कूल जाने वाले बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को तेज बारिश का पूर्व अनुमान जताया है।
बता दें कि कुछ समय पहले ही ठंड से कुछ निजात मिली थी, जिसके बाद लोगों ने गर्म कपड़े रख दिए थे। लेकिन शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश के बीच ठंड बढ़ने से लोगों ने दोबारा गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। वहीं बेमौसम इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इस समय खेतों में आलू समेत अन्य फसलें तैयार खड़ी हैं, जिसमें इस बारिश से भारी नुकसान हो सकता है।
वहीं बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं से गेहूं, सरसों जैसी तमाम फसलें जमीन पर गिरने से खराब होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रुहेलखंड क्षेत्र में शुक्रवार शाम से ही पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ गई थी। जिससे बने निम्न वायुदाब क्षेत्र से बारिश शुरू हो गई। जिसका सिलसिला 4 मार्च तक लगातार जारी रहेगा। इस बीच मौसम विभाग की तरफ से यूपी के 65 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 24 जनपदों में आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: यहां बिना सिफारिश के नहीं लिखी जाती रिपोर्ट, अपराधों की चिंता न बेबस आंसुओं का असर... ये हे थाना प्रेमनगर
