Kanpur Dehat: पर्यावरण विभाग की फर्जी टीम का भंड़ाफोड़...पांच शातिर गिरफ्तार, कबाड़ी से वसूली की शिकायत पर की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में फर्जी पर्यावरण टीम के नाम पांच शातिर गिरफ्तार

कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने जनपद में पर्यावरण विभाग की फर्जी टीम बन कर लोगों से अवैध तरीके से उगाही करने वाले पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बोलेरो कार, रजिस्टर, आई कार्ड, मोबाइल, नगदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।

एडीजी कानपुर जोन आलोक कुमार सिंह व एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में अकबरपुर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम एक मार्च को गजनेर रोड के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। 

तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पर्यावरण विभाग की टीम बताकर कुछ लोग मो. शरीफ निवासी नबीपुर कोतवाली अकबरपुर स्थित कबाड़ी की दुकान से पैसों की रसीद काटने वऔर वसूली कर गजनेर की तरफ से बोलेरो में बैठकर आ रहे हैं। जिसपर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो सवार पांच लोगों को गजनेर रोड पर शर्मा फर्नीचर के सामने से गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मनोज कुमार निवासी मकसूदाबाद थाना बिठूर जनपद कानपुर नगर, जितेंद्र सिंह सेंगर निवासी मकान नंबर 105 ग्राम मिरजापुर थाना कल्याणपुर कानपुर नगर, गंगाराम निवासी एच-554 सत्यम विहार आवास विकास कालोनी एक केशवपुरम थाना कल्याणपुर कानपुर नगर, अतुल कुमार श्रीवास्तव निवासी 116/242 प्लाट नंबर 256 गणेश नगर रावतपुर कानपुर नगर व नरेंद्र कुमार निवासी 116/242 प्लाट नंबर 256 गणेश नगर रावतपुर बताया। 

आरोपियों के कब्जे से चार रजिस्टर, तीन आई कार्ड, दो आधार कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, तीन पेन कार्ड, तीन एटीएम, सात मोबाइल व 9240 रुपये बरामद किए गए। अकबरपुर कोतवाली सतीश कुमार ने बताया कि पांचों अभियुक्तों की गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जा रहा है।

ग्रीन हर्बल हेल्थ सेंटर योजना का कर्मचारी बताते आरोपी

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग मनोज कुमार के साथ कार्य करते हैं। जो उन लोगों को प्रतिदिन के हिसाब से पैसा देता है। वह अपने आप को पर्यावरण विभाग कार्यालय ग्रीन हर्बल हेल्थ सेंटर योजना उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ की समिति का कोर्डिनेटर बताता था। 

आरोपियों ने 20 फरवरी को नबीपुर के पास एक कबाड़ी की दुकान पर 23600 रुपये की रसीद काटी थी। इसके अलावा वह जनपद में कई दुकानों पर पर्यावरण विभाग के नाम पर रसीद काटकर भय में डालकर वसूली कर धोखाधड़ी करते थे।

ये भी पढ़ें- Indian Railway: यात्रीगण कृपया ध्यान दें, छपरा-मथुरा चार तारीख को रहेंगी निरस्त, नौ ट्रेनें बदले रास्ते से चलेंगी, पढ़ें...

संबंधित समाचार