हरदोई: बैंक के बगल में टूट गए ताले, लाखों की हुई चोरी, जनसेवा केंद्र डेढ़ लाख की नगदी और कई मोबाइल चोरों ने किया पार
हरदोई। बैंक पर निशाना लगाने पहुंचें चोरों की दाल नहीं गली तो उन्होंने उसके बगल में जनसेवा केंद्र का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख की नगदी और कई मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। बताया गया है कि टड़ियावां थाने के भडायल में पीएनबी बैंक के बगल गांव के देवेंद्र सिंह जनसेवा केंद्र के साथ-साथ मोबाइल की दुकान चलाता है।
शुक्रवार की देर रात वहां पहुंचें चोरों ने जनसेवा केंद्र का ताला तोड़ कर वहां रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये और कई एंड्रॉयड मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार की सुबह इसका पता होते ही वहां हड़कंप मच गया। देवेंद्र सिंह की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने छानबीन करनी शुरु कर दी है। वैसे लोगों का मानना है कि चोर बैंक में निशाना साधने की फिराक में थे, लेकिन वहां लगे सीसीटीवी कैमरे देख कर उनकी हिम्मत जवाब दे गई और उन्होंने देवेंद्र सिंह के जनसेवा केंद्र को निशाना बनाया।
सीसीटीवी उगलेंगे राज
टड़ियावां पुलिस भड़ायल में पीएनबी बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरें के फुटेज खंगालने में जुट गई है। माना जा रहा है कि चोरी का खुलासा करने में इससे काफी मदद मिल सकती है। लोगों का कहना है कि चोरों ने कैसे-कैसे अपनी कारस्तानी को अंजाम दिया ? सब कुछ सीसीटीवी कैमरें में कैद होगा।
पुलिस पिकेट को लेकर उठ रहें सवाल
पीएनबी की भड़ायल शाखा के सामने पुलिस की पिकेट तैनात रहती थी,लेकिन शुक्रवार की रात में वहां पिकेट नदारत थी,पुलिस के नाम पर वहां होमगार्ड तक नहीं दिखाई दिया। बैंक के बगल में जनसेवा केंद्र में हुई चोरी से लोग पुलिस की पिकेट पर सवाल उठा रहें हैं।
यह भी पढ़ें:यूपी BJP कोर कमेटी की बैठक समाप्त, ओपी राजभर ने किया बड़ा दावा
