Kanpur: डेढ़ लाख रुपये व मोटरसाइकिल न मिलने पर दिया तीन तलाक; महिला ने ननदोई पर लगाया छेड़छाड़ व अश्लीलता का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बजरिया थानाक्षेत्र की एक महिला ने पति और ससुरालीजनों पर दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि उसके साथ गाली गलौज, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने पति पर तीन तलाक देने का भी आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि ननदोई ने गन्दी नीयत से उसे दबोच लिया और अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। 

क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी विवाह मुस्लिम रीति रिवाज से ईदगाह रोड जाजमऊ से हुई थी। बताया कि शादी में दान दहेज भी ससुरालीजनों को दिया गया था। महिला का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग में उसके परिजनों से डेढ़ लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग न पूरी होने पर पति और ससुरालीजनों ने उसे गालीगलौज कर धमकी दी। 

बताया कि 12 अगस्त को पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ननदोई जब भी ससुराल आते थे, तो अकेला पाकर अश्लील कमेंट्स और हरकतें करता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि इस घटना की शिकायत उसने कई बार अपने पति से बताई लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नही की। 

आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे कमरे मे बन्द करके जान से मारने की नीयत से मारापीटा। किसी तरह अपनी जान बचाकर निकल पाई। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। जिसके बाद पुलिस के सामने माफी मांगते हुए ऐसा न करने का वादा किया। इस पर महिला पुनः अपने पति के साथ चली गई। पीड़िता का आरोप है, कि इसके बाद फिर से पूर्व की भांति प्रताड़ित किया जाने लगा। 

बजरिया प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि पति, ससुर, सास, दो देवर, दो ननद, एक नन्दोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, गालीगलौज, मारपीट, धमकाने, छेड़छाड़ और मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: नगर निगम की लापरवाही आई सामने; शिकायतों के निस्तारण की भेजी झूठी रिपोर्ट, सीएम कार्यालय ने मांगा जवाब...

संबंधित समाचार