Kanpur: नगर निगम की लापरवाही आई सामने; शिकायतों के निस्तारण की भेजी झूठी रिपोर्ट, सीएम कार्यालय ने मांगा जवाब...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम के लापरवाह अधिकारी सीएम कार्यालय की आंखों में भी धूल झोंक रहे हैं। जनता मुख्यमंत्री तक शिकायत करती है, तो फर्जी निस्तारण की रिपोर्ट लगा देते हैं। 21 दिन में ऐसे 41 मामले सामने आने पर सीएम कार्यालय ने नाराजगी जताते हुए रिपोर्ट तलब की है। 

आईजीआरएस, सीएम की प्राथमिकता वाला पोर्टल है। इसमें ऑनलाइन दर्ज होने वाली शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाती हैं। लेकिन नगर निगम में बिना मौके पर कोई कार्यवाही किए फर्जी निस्तारण रिपोर्ट लगाई जा रही है। इस कारण डिफाल्टर संदर्भ से अधिक होने पर चीफ इंजीनियर मनीष अवस्थी और जोनल अधिकारी-एक से भी जवाब मांगा गया है। 
  
एक से 21 फरवरी 2024 के बीच ऑनलाइन शिकायतों की समीक्षा सीएम कार्यालय ने की तो सामने आया कि नगर निगम में तैनात जोनल स्वच्छता अधिकारियों ने कुल 41 शिकायतें फर्जी तरीके से निस्तारित की हैं। इन पर संबंधित शिकायतकर्ता ने असंतुष्ट फीडबैक दिया था। 

इसकी रिपोर्ट डीएम राकेश सिंह को भेजी गई। जिसके बाद जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामले में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमित सिंह ने बताया कि सभी जेडएसओ को तत्काल ही गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण करने के लिए कहा गया है। 

डीएम ने जारी किए सख्त आदेश 

जोन-1 जेडएसओ ने 2 शिकायतों का फर्जी निस्तारण किया। इसी प्रकार जोन-2 में 12, जोन-3 में 13, जोन-4 में 6 और जोन-5 में 7 शिकायतों का फर्जी निस्तारण किया गया। सभी शिकायतें डिफाल्टर श्रेणी में है। डीएम ने इस मामले में सख्त आदेश जारी किए हैं कि किसी भी दशा में फर्जी निस्तारण नहीं होना चाहिए। 

नगर निगम जोन में तैनात जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) जोन में सफाई व्यवस्था का कार्य देखते हैं। सफाई कराने को लेकर ही ज्यादातर शिकायतें की गई थीं। लेकिन जेडएसओ ने बिना सफाई कराए फर्जी तरीके से शिकायतों को निस्तारित कर दिया।

यह भी पढ़ें- Kanpur: शहरवासियों के लिए खुशखबरी: टाटमिल से घंटाघर के बीच शटल सेवा हुई शुरू; दोनों चौराहे होंगे ई-रिक्शा फ्री जोन...

संबंधित समाचार