भगवान श्रीराम के दर्शन करने आज अयोध्या जाएगा यादव मंत्रिमंडल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य आज भगवान श्री राम के दर्शन करने उत्तरप्रदेश के अयोध्या जाएंगे। डॉ यादव ने कल इस बारे में संवाददाताओं को बताया कि चार मार्च को कैबिनेट की बैठक के बाद मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य सपत्नीक अयोध्या धाम भगवान श्रीराम के दर्शन करने जाएंगे। आज भगवान श्रीराम का अद्भुत मंदिर मां सरयू नदी के किनारे जगमगा रहा है। 

डॉ यादव ने कहा कि फरवरी माह में अयोध्या में अधिक भीड़ होने और अन्य व्यस्तताओं के कारण सभी सदस्यों ने मार्च माह में अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने जाने का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारी भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा है, हम सनातन संस्कृति को मानने वाले भी हैं। हमारी आस्था का केंद्र आज जब सबकी श्रद्धा के रूप में उभरकर सामने आया है, तो स्वाभाविक रूप से सबकी भावना भी जुड़ गई है। 

डॉ यादव ने कहा कि 22 फरवरी 2024 को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। यह सभी देशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों की उपस्थिति में अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपनी सुविधानुसार अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने अवश्य जाने का आह्वान किया। 

ये भी पढे़ं- बरेली: महाशिवरात्रि पर धूमधाम से निकलेगी शिव बरात, मंदिरों में तैयारियां शुरू

 

 

संबंधित समाचार