Unnao: ईंट से कुचलकर युवक की नृशंस हत्या…इलाके में फैली सनसनी, पुलिस मृतक के साथियों से कर रही पूछताछ
उन्नाव में ईट से कुचलकर युवक के निर्मम हत्या
उन्नाव, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर में सोमवार सुबह एक युवक की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल अभी हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मूलरूप से आगरा के सिकंदरा स्थित जऊपुरा गांव निवासी विष्णु (25 ) पुत्र स्वर्गीय मोहर सिंह कोतवाली क्षेत्र के सदर चौकी अंतर्गत कुंदन रोड स्थित एक जूते के फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार सुबह विष्णु का शव कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर स्थित विश्वेश्वर मंदिर के पास पड़ा मिला। उसके चेहरे व सिर पर चोटों के गंभीर निशान मिले हैं। शव से कुछ दूरी पर खून से सनी हुयी एक ईंट भी बरामद हुई।
जिससे यह कयास लगाये जा रहे हैं कि युवक की ईट से कुचलकर निर्मम हत्या की गयी है। स्थानीय लोगों ने शव देखा तो इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। हत्या की सूचना पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस व फील्ड यूनिट की टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के साथियों से पूछताछ कर रही है। वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें- Kanpur: ट्रक की टक्कर से सेल्समैन की मौत; डिवाइडर किनारे पड़ा मिला शव, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका...
