Kanpur: ट्रक की टक्कर से सेल्समैन की मौत; डिवाइडर किनारे पड़ा मिला शव, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका...
कानपुर, अमृत विचार। फजलगंज थानाक्षेत्र में ई-रिक्शा से सेंटर से अखबार उठाने जा रहे सेल्समैन की हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने जताया मौत पर अनहोनी का संदेह जताया वहीं पुलिस ने ट्रक से हादसा होने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां पैनल से पोस्टमार्टम किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
लक्ष्मीपुरवा डिप्टी पड़ाव निवासी 48 वर्षीय सतीश चंद्र वर्मा एक अखबार कार्यालय में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। बेटे यशराज वर्मा ने बताया कि रोज की तरह वह रविवार तड़के साढ़े चार बजे ई-रिक्शा से रावतपुर से अखबार के बंडल उठाने जा रहे थे। लेकिन फजलगंज में गुमटी गुरुद्वारे के पास डिवाइडर किनारे उनका शव पड़ा मिला वहीं उनका रिक्शा किनारे खड़ा था।
बेटे ने बताया कि रावतपुर न पहुंचने पर उन लोगों ने घर पर उनकी जानकारी ली। जिस पर उन लोगों ने सुबह ही निकल जाने की बात कही। बेटे ने बताया कि इसके बाद वह घर से रास्ते में उन्हें देखते हुए आया। जहां गुमटी के पास जीटी पर उनका शव पड़ा था। उसने अनहोनी की आशंका जताई। वहीं पुलिस ने ट्रक की टक्कर से मौत होने की बात कही। बेटे और अन्य परिजनों का आरोप था कि रिक्शे कहीं से टूटा नहीं था न ही पिता के हाथ पैर में खरोंच थी। उनके साथ कोई घटना हुई है।
जिसके बाद पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद पत्नी सुमन और बेटी अंतरा और रोमा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक कराए गए हैं। जहां ट्रक की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
