अमरोहा: तेंदुए के हमले में महिला सहित सात लोग घायल, दो गंभीर...ग्रामीणों में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तड़के करीब तीन बजे लालापुर में घुसे तेदुंए ने मचाया आतंक

बुरावली(अमरोहा), अमृत विचार। अमरोहा जिले के गांव लालापुर में तड़के करीब तीन बजे के करीब तेंदुए ने  सात लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद गांव ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी दहशत है । जानकारी मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।  पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को मेरठ रेफर कर दिया।

रहरा थाना क्षेत्र का गांव लालापुर वन विभाग के जंगल से घिरा है। रविवार की रात गांव के लोग घरों में सोए हुए थे। सोमवार की सुबह करीब तीन बजे अचानक तेंदुआ गांव में घुस आया। उसने एक के बाद एक कई घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए ने हमला कर अनिल त्यागी, राजीव त्यागी, हरिराम, दीपक जाटव, सुमित जाटव, भूरा सिंह और सोमवती को घायल कर दिया।

इसके बाद सीताराम व इरफान की बकरी को तेंदुए ने निवाला बनाया। जिन घरों में तेंदुआ घुसा उनकी चारदीवारी में दरवाजे नहीं थे। गांव में आबादी के बीच घरों में सो रहे सात लोगों पर तेंदुए के हमले से गांव में चीख-पुकार मच गई। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लाठी-डंडे लेकर ग्रामीणों ने तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ दिया।  

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय अनिल को परिजन मेरठ ले गए। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक बताते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। हरिराम सिंह की  हालत भी गंभीर बनी हुई है।

घायलों का कहना है कि तेंदुआ  लोगों के चेहरे व गर्दन पर हमला कर रहा था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। वन रेंजर नरेश कुमार ने बताया कि  तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा व जाल लगाया जा रहा है। जंगल में किसी जंगली जानवर के निशान मिले हैं। जिसकी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें : अमरोहा : झगड़ा निपटाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, किसी तरह वहां से भागकर बचाई जान

 

 

संबंधित समाचार