साहब! इतने में नहीं होता गुजारा..., आशा हेल्थ वर्कर्स ने घेरा डीएम कार्यालय
सुलतानपुर/अमृत विचार। सोमवार को जिले की तिकोनिया पार्क में पहुंची आशा हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कुसुम लता यादव का जिले की आशा हेल्थ वर्कर्स ने माल्यार्पण व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। बैठक कर रणनीति तैयार करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित अपनी मांगो का ज्ञापन देने के लिए डीएम कार्यालय पहुंच गई।
सैकड़ों की संख्या में पहुंची आशा हेल्थ वर्कर्स को देख एसडीएम सदर प्रवीण कुमार पहुंचे। आशा हेल्थ वर्कर्स ने डीएम से मिलकर ज्ञापन देने की बात कहते हुए कार्यालय का घेराव कर दिया। सूचना पर पहुंचे एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला ने आशा हेल्थ वर्कर्स से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। साथ ही उनकी मांगों का ज्ञापन भी लिया।
आशा हेल्थ वर्कर्स डीएम से मिलने पर अड़ी रही तो एडीएम प्रशासन ने दो सदस्यीय टीम की मुलाकात डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना से कराई। आशा हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन की मांग है जो मानदेय मिलता है उसमे गुजारा नहीं होता। 18 हजार रुपये मासिक मानदेय के साथ ही उन्हें स्थायी किया जाए।
उनके क्षेत्र में एक आशा आवास का निर्माण करवाकर काम का समय निर्धारित किया जाए। बीते चार वर्ष से उनके द्वारा बनवाया गया आयुष्मान कार्ड का भुगतान करवाते हुए सभी आशाओं का जीवन बीमा कराया जाए। वही आशा संगिनी को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाए, जिससे वह क्षेत्र भ्रमण कर सके। प्रधानमंत्री को संबोधित सात सूत्री मांग पत्र डीएम को सौंपा।
