Chitrakoot Accident: हाईवे पर मवेशी के आने से पलटी कार, दंपति की मौत...दामाद और पौत्र-पौत्री गंभीर रूप से घायल
चित्रकूट में सड़क हादसे में दंपति की मौत
चित्रकूट, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। सड़क पर अचानक आए मवेशी से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में दामाद और मासूम पौत्र-पौत्री भी घायल हुए हैं। इनको प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रिफर किया गया है।
हादसा सोमवार सुबह लगभग पांच बजे का है। जानकारी के अनुसार, गायत्रीनगर (मऊ) निवासी यमुना प्रसाद (60) पुत्र छेदीलाल पत्नी मीना देवी (55), पौत्र मोहित (14) पुत्र पुष्पेंद्र और पौत्री वैष्णवी (11) पुत्री पुष्पेंद्र के साथ कार से घर आ रहे थे। कार दामाद प्रदीप कुमार (30) पुत्र गुलाब चंद्र निवासी जोगिया शेखपुर चला रहे थे।
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मऊ थानांतर्गत ग्राम कटिया के पास कार के सामने अचानक कोई जानवर आ गया और इसे बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां यमुना प्रसाद और मीना देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रदीप, मोहित और वैष्णवी को प्रयागराज रिफर कर दिया गया। यमुना प्रसाद सेना से सेवानिवृत्त थे। दंपति की मौत से घर में रोनापीटना मच गया। मृतक के बेटे पुष्पेंद्र ने थाने में तहरीर दी है।
बेटी के यहां से लौट रहे थे दंपति
मृतक के पुत्र पुष्पेंद्र की थाने के सामने मोबाइल की दुकान है। पुष्पेंद्र ने बिलखते हुए बताया कि उनके माता-पिता बहन के यहां फूलपुर गए थे। सोमवार सुबह लौट रहे थे। वाहन जीजा चला रहे थे। अचानक सामने से कोई जानवर आ जाने से कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
बेटे ने दी मोबाइल से जानकारी
पुष्पेंद्र ने बताया कि कार से किसी तरह उनके बेटे और बेटी बाहर निकले। बेटे ने उनको मोबाइल से हादसे की सूचना दी तो सब लोग बदहवास हो गए। बताया कि बच्चे जहां किसी तरह कार से बाहर आ गए थे वहीं पिता और जीजा कार में ही फंसे थे। कार पलटने से मां उसके नीचे दब गई थीं।
ये भी पढ़ें- Exclusive News: शहर के ये चार चौराहे...जहां सबसे ज्यादा नियम तोड़ते वाहन सवार, अब यातायात पुलिस का चलेगा हंटर
