शाहजहांपुर: 57.02 करोड़ से चौड़े होंगे दो मार्ग, सुगम होगा सफर 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने गृह जनपद की विधानसभाओं को दी सड़कों की सौगात

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने एक बार फिर जिले में नए मार्ग बनाने को मंजूरी दी है। जिले में 57.02 करोड़ की लागत से जहां दो मार्गों का चैड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होगा, वहीं 57.55 करोड़ की लागत से 59.29 किमी लंबे मार्गों को नया बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने बताया कि जितिन प्रसाद ने 17.40 किमी लंबे निगोही-खुदागंज मार्ग (अजि मार्ग) के चैड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को 5014.17 लाख की धनराशि की स्वीकृति दी है। 

उन्होंने शाहजहांपुर-पुवायां मार्ग से नियामतपुर एआरटीओ कार्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र होते हुए रिंग रोड तक मार्ग के चैड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण को 687.92 लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृति दी है। जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों 59.29 किमी मार्गों के नवनिर्माण के लिए 5755.71 लाख रुपये की धनराशि और स्वीकृत की है।

जिसमें ददरौल विधानसभा क्षेत्र में 3.70 किमी लंबे कुरिया कलां-पथरा खास संपर्क मार्ग के नव निर्माण के लिए 362.74 लाख, 3.30 किमी लंबे औदापुर मोड़ से हठीपुर कुरिया-गंगानगर, शमशेरपुर, गुमटा होते हुए मदनापुर संपर्क मार्ग के नव निर्माण को 370.52 लाख की धनराशि, 2 किमी लंबे कटरा-जलालाबाद मार्ग से कुनिया जमालपुर मार्ग के निर्माण को 167.90 लाख रुपये की धनराशि, अजीजगंज चैहनापुर मार्ग से ग्राम चांदापुर देवीस्थान तक 0.50 किमी नवनिर्माण के लिए 74.13 लाख की धनराशि, मल्हपुर से सरथौली मार्ग के नवनिर्माण को 1.45 किमी के लिए 134.53 लाख, मल्हपुर से बिसरा सम्पर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए 1.2 किमी के लिये 110.95 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। 

इसी तरह जिले की तमाम अन्य सड़कों के नवनिर्माण की स्वीकृति दी गई है। कैबिनेट मंत्री की ओर से स्वीकृति दिए जाने पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, विधायक चेतराम, वीर विक्रम सिंह प्रिंस, हरिप्रकाश वर्मा, सलोना कुशवाहा, मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्र, कौशल मिश्रा, भूपेंद्र सिंह भन्नू ने आभार जताया है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: पूर्व विधायक पुत्तू सिंह यादव का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि

संबंधित समाचार