अनियंत्रित होकर ईंट के ढेर से टकराई बाइक, एक की मौत-दो घायल
अमेठी, अमृत विचार। पीपरपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ा गांव के पास पीपरपुर कल्याणपुर मार्ग पर सोमवार की देर रात्रि एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से जा टकराई। घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो युवकों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटना से मृतक के परिजनों में हाहाकार मचा है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के भेवईं गांव निवासी सुशील कोरी पुत्र नंदलाल उम्र 20, आकाश पुत्र रामकुमार उम्र 18 व शनिकुमार उम्र 18 सोमवार की देर रात धम्मौर थाना क्षेत्र के लौहर भाईं गांव से निमंत्रण कर एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में पीपरपुर-कल्याणपुर मार्ग पर रेवड़ा गांव के पास बाइक एक कार को आवेरटेक करने के चक्कर में सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से जा भिड़ी। घटना में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी भादर ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने सुशील कोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आकाश व शनि कुमार को इलाज के बाद डाक्टरों ने अस्पताल से छुट्टी दे दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के शव का परिजनों ने मंगलवार की सुबह अंतिम संस्कार किया। एसओ पीपरपुर संदीप राय ने बताया कि मृतक के परिजन कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
ये भी पढ़ें -Fatehpur: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम-संस्कार
