Kanpur News: वनवे ई-रिक्शा ने निकाला कल्याणपुर बाजार का दम...सब्जी मंडी ने गुम किया फुटपाथ, एंबुलेंस जाम में फंसती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में वनवे व ई-रिक्शा ने निकाला कल्याणपुर बाजार का दम

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर-पनकी रोड स्थित बाजार में वनवे व्यवस्था लागू होने व ई-रिक्शा चालकों की अराजकता के कारण बाजार का दम निकला जा रहा है। वनवे व्यवस्था लागू होने के बाद से बाजार में आने वाले ग्राहकों की संख्या आधी से भी कम रह गई है। 

ग्राहकों के अभाव में कई दुकानदार तो दुकानें तक खाली कर चुके हैं। व्यापारी वनवे व्यवस्था खत्म करने के लिए कई बार आंदोलन तक कर चुके हैं, लेकिन सुध नहीं ली गई। इक्का दुक्का आने वाले ग्राहक बाजार में ई-रिक्शा चालकों की अराजकता के कारण आने में कतराते हैं, जिस कारण व्यापार पूरी तरह से चौपट होता जा रहा है। 

आईआईटी, मंधना, बिठूर, शिवराजपुर, चौबेपुर, बिल्हौर तक के लोगों के लिए मुफीद कल्याणपुर बाजार वनवे व्यवस्था लागू होने के बाद से चौपट होने की कगार पर है। कल्याणपुर-पनकी रोड पर स्थित करीब 40 साल पुरानी बाजार में करीब 2500 से अधिक रेडीमेड, इलेक्ट्रानिक, किराना, फुटवियर की दुकानें हैं। रोजाना 40 से 50 हजार की संख्या में ग्राहकों का आवागमन होता है। 

रोजाना पांच से 10 करोड़ का टर्न ओवर देने वाला यह बाजार प्रशासन की वनवे व्यवस्था से बेहाल होता जा रहा है। जीटी रोड पर इंदिरा नगर कट बंद होने के बाद से ग्राहकों को बिठूर मोड़ से यूर्निवर्सिटी कट से होकर बगिया क्रॉसिंग से होकर आवास विकास के रास्ते से बाजार में आना पड़ता है। 

जिससे बाजार में आने के लिए ग्राहकों का दो किलोमीटर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसके साथ ही बाजार में वनवे व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिससे वाहन सवार ग्राहकों को गलियों में वाहनों को खड़ा करके आना पड़ता है। कट बंद होने व वनवे व्यवस्था लागू होने से बाजार में ग्राहक कतराने लगे हैं। 

सब्जी मंडी ने गुम किया फुटपाथ

इंदिर नगर कट बंद होने के बाद से सब्जी विक्रेताओं ने फुटपाथ पर कब्जा कर लिया है। जिससे सड़क पर पांच-पांच फिट के फुटपाथ पूरी तरह से गायब हो चुके हैं। सब्जी मंडी के कारण बाजार में पैर रखने की जगह भी नहीं होती है। सब्जी मंडी के कारण बाजार में छुट्टा जानवरों का आतंक है। 

500 मीटर के हिस्से में 250 से अधिक ई-रिक्शे

कल्याणपुर क्रॉसिंग से सीएनजी पेट्रोल पंप तक पांच सौ मीटर के दायरे में दोनो ओर ई-रिक्शा चालकों की दिन भर धमाचौकड़ी लगी रहती है। क्रॉसिंग से गनपत कांपलेक्स तक करीब 250 ई-रिक्शा चालक खड़े होते हैं। जिससे बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यापारियों ने बताया कल्याणपुर में करीब 30 से 35 हॉस्पिटल हैं। ई-रिक्शा चालकों की अराजकता से कई बार एंबुलेंस जाम में फंसी रहती है।    

क्या बोले व्यापारी

फोटो- मुन्ना राय

दो साल तक कोरोना महामारी के कारण व्यापार चौपट रहा। पिछले डेढ़ साल से कट बंद होने के बाद से व्यापारी आत्महत्या करने की कगार पर पहुंच गया है। कट बंद होने से बाजार में आने के लिए दो किलोमीटर की दूरी बढ़ गई है। जिससे ग्राहक बाजार में आने से कतराने लगा है। कई बाद अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

फोटो- मनीष दुबे

ई-रिक्शा की अराजकता बाजार की मुख्य समस्या है, जिस कारण जाम की समस्या होती है। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों पर लगाम लगाने के बजाए इंदिरा नगर कट बंद कर दिया, जिससे व्यापार चौपट हो गया। ई-रिक्शा चालकों के लिए स्टैंड निर्धारित किया जाए। बीच सड़क पर सवारी बैठाने पर चालान किया जाए।

फोटो- प्रांजल मिश्रा

बाजार में एक भी यूरिनल नहीं है। नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत के बाद एक यूनिरल का निर्माण किया गया, जो कि बाजार से पांच सौ मीटर की दूरी पर है। यूरिनल न होने से महिला ग्राहकों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। बाजार में एक ई-टॉयलेट की व्यवस्था की जाए। 
फोटो- प्रदीप अवस्थी

इंदिरा नगर कट बंद होने से ग्राहकों को काफी दिक्कते हो रही है। बाजार में आने के लिए सबसे नजदीक का यूटर्न दो किलोमीटर दूर है। ग्राहक बीमा क्रॉसिंग से आवास विकास रोड होकर बाजार में आते हैं। आवास विकास का मार्ग भी जर्जर है, जिस कारण जाम की समस्या होती है। इंदिरा नगर कट को खोला जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें- CM Yogi In Etawah: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे सैफई...सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल 500 बेड का करेंगे उद्घाटन

संबंधित समाचार