काशीपुर: दहेज में 10 लाख व कार की मांग को लेकर विवाहिता को घर से निकाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एक विवाहिता ने अपने पति व ससुरालियों पर दहेज में कार व दस लाख मांगने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने मारपीट कर घर से निकालने का आरोप भी लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बांसफोड़ान चौकी क्षेत्र निवासी एक महिला ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि वर्ष  2017 में उसका विवाह अमरोहा, यूपी निवासी मौहम्मद शोएब के साथ हुआ था। जिससे उसका एक चार साल का पुत्र भी है। महिला ने बताया कि शादी के दौरान उसके परिवार वालों ने अपनी सामर्थ्य अनुसार दान दहेज दिया था।

लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति व ससुराली दहेज में 10 लाख व कार की मांग करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि 15 सितम्बर 2022 को उसके पति व ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे बच्चे सहित घर से निकाल दिया। बाद में 16 नवंबर 2022 को उसका पति व ससुराली उसके मायके आये और दहेज की मांग करने लगे।

पीड़िता के मना करने पर गाली गलौच और तीन तलाक व जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़िता की तहरीर अनुसार पुलिस ने पति व ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार