Hamirpur News: घरेलू विवाद में पति ने कुएं में लगाई छलांग...बचाने के लिए पत्नी भी उतरी, पढ़े- पूरा मामला
हमीरपुर में घरेलू विवाद के चलते युवक ने कुएं में लगाई छलांग
हमीरपुर, कुरारा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के परसी डेरा में पत्नी से नाराज पति ने 30 फिट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। जहरीली गैस की शंका पर जब ग्रामीण कुएं में उतरने से हिचकिचाने लगे तो पति को बचाने पत्नी भी कुएं में उतर गई।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पति-पत्नी को कुएं से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पति को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शंकरपुर के परसी डेरा गांव निवासी हंस कुमार (32) पुत्र विजय बहादुर का बुधवार की सुबह पत्नी गुड्डो से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि हंस गुस्से में घर से निकला और गांव बाहर सूखे कुएं में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने उसे कूदते हुए देखा तो शोर मचाया। देखते ही देखते घटना स्थल पर भीड़ लग गई। 30 फीट नीचे गिर हंस को बचाने के लिए कोई नीचे उतरने को तैयार नहीं था। ग्रामीणों को डर था कि कुएं में जहरीली गैस का रिसाव न हो रहा हो। मगर पति की जान बचाने को पत्नी गुड्डो ने कमर में रस्सी बांधकर कुएं में उतर गई।
गुड्डो ने घायल पति की कमर में साड़ी बांधी जिसके बाद ऊपर खड़े ग्रामीणों ने धीरे-धीरे खींच लिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आनन फानन घायल पति को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसके कमर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
