प्रयागराज: झाड़ फूंक कराने मजार पर गई किशोरी लापता, व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
नैनी,प्रयागराज, अमृत विचार। झाड़ फूंक के लिए मजार पर गई शंकरगढ़ की किशोरी लापता हो गई थी। मामले में शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने से नाराज परिजनों और व्यापारियों ने शंकरगढ़ थाना का घेराव किया।
जिले के यमुनानगर क्षेत्र स्थित शंकरगढ़ कस्बे की एक किशोरी लखनपुर गांव में संचालित एक मजार पर झाड़ फूंक के लिए गई हुई थी। उसके बाद से किशोरी लापता हो गई। किशोरी की मां द्वारा बताया गया कि उनकी बेटी 15 फरवरी को लखनपुर स्थित मजार पर झाड़ फूंक करने गई थी। इसके बाद से उनकी बेटी व मजार संचालक दोनों ही गायब हो गए। जिसकी सूचना उनके द्वारा शंकरगढ़ थाने में लिखित रूप में की गई लेकिन पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। शंकरगढ़ व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद केसरवानी ने आरोप लगाया कि मजार की आड़ में वहां पर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। धर्म परिवर्तन व लव जिहाद को बढ़ावा देने के कारण मजार संचालक के द्वारा किशोरी का अपहरण किया गया है। लेकिन शंकरगढ़ थाना प्रभारी की निष्क्रियता के चलते बीस दिन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। किशोरी के पिता ने चेताया है कि उनकी बेटी अगर 24 घंटे के अंदर बरामद नहीं होती है तो वह थाना परिसर में आत्मदाह कर लेंगे। एसीपी बारा संतलाल सरोज ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
