आगरा: कल भाजपा एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन, जेपी नड्डा और सीएम योगी करेंगे शिरकत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में कल कोठी मीना बाजार में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के दलित प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। सम्मेलन को संबोधित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश और राजस्थान के डिप्टी सीएम, चार केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के आठ दलित मंत्री, 50 से ज्यादा विधायक और जनप्रतिनिधि आगरा पहुंचेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित मोर्चा के प्रभारी तरुण चुघ ने पत्रकारों को बताया कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी सरकार में दलितों के मान सम्मान और स्वाभिमान का ध्यान रखते हुए ऐसी दर्जनों योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे दलित समाज का उत्थान हो रहा है। एनडीए के कार्यकाल में पिछली बार एक दलित का बेटा राष्ट्र का प्रथम नागरिक बना और अब एक आदिवासी समुदाय की बेटी राष्ट्रपति के पद पर सुशोभित है।

यह सिर्फ भाजपा की सोच और दलितों के सम्मान करने की भावना को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि संविधान शिल्पी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और दलित समाज के महापुरुषों के सिद्धांत और संकल्पों को समर्पित यह आयोजन अंबेडकर नगर कोठी मीना बाजार में होने जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कांग्रेस ने सिर्फ देश के गरीब दलित और जरूरतमंद लोगों को न सिर्फ गुमराह किया है बल्कि दलित समाज के महापुरुषों को भी वह सम्मान नहीं दिया जो उन्हें मिलना चाहिए। 

अंबेडकर नगर (कोठी मीना बाजार ) में लगेगी प्रदर्शनी
भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए कोठी मीना बाजार कार्यक्रम स्थल को अंबेडकर नगर नाम दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर दलित महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों को प्रदर्शित करती हुई प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया प्रदर्शनी में मोदी और भाजपा सरकार द्वारा दलित समाज के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी मिलेगी।

दलित महापुरुषों के नाम से बने प्रवेश द्वार
उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से आ रहे दलित समाज के प्रतिनिधि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर दलित महापुरुषों के नाम से भव्य प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया महर्षि वाल्मीकि, डॉ आंबेडकर, ज्योतिबा फुले, संत गॉडगे, माता सबरी, संत दुर्बल नाथ, अहिल्याबाई होलकर, कबीर दास, रविदास, महाराज बिजली पासी, शाहीद अदम सिंह सहित दलित समाज के आदर्श महापुरुष और भगवान के नाम से बने प्रवेश द्वार बनाकर उनके आदर्शों का चित्रण किया गया है।

ये करेंगे शिरकत
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित मोर्चा के प्रभारी तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मध्य प्रदेश और राजस्थान के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, डॉ प्रेम बेरवा केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, कौशल किशोर, प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के दलित समाज के 8 मंत्री, करीब एक दर्जन सांसद, 50 से ज्यादा दलित विधायक, महापौर,जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष, पार्षद और दलित समाज से जुड़े जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। 

जेपी नड्डा करेंगे डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण
अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने आगरा आ रहे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल पर आने से पूर्व रामनगर पुलिया पर संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर डॉ भीमराव अंबेडकर की 10 फीट ऊंचे चित्र पर भी कार्यक्रम में आए सभी अतिथि पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

यह भी पढ़ें- Agra: ताज नगरी को मिली मेट्रो की सौगात, PM मोदी ने हरी झंडी दिखाकर किया वर्चुअल लोकार्पण

संबंधित समाचार