लोकसभा चनाव 2024: गांधी परिवार की सीट पर भाजपा और सपा ढूंढ रही दिग्गज
कौन होगा उम्मीदवार, किसके सिर होगा ताज़, पटेल बाहुल्य क्षेत्र में दो दिग्गज आ सकते है आमने-सामने
प्रयागराज, अमृत विचार। गांधी परिवार की सीट मानी जाने वाली फूलपुर लोकसभा को लेकर इन दिनों सियासी गलियारों में माहौल गर्म है। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रयागराज व फूलपुर की सीट पर काफी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ भाजपा और अपना दल तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अपने दिग्गज प्रत्याशी की तलाश में हैं। माना जा रहा है कि पटेल बाहुल्य क्षेत्र में किसी दिग्गज के मैदान में आने से सपा और भाजपा या फिर अपना दल के बीच कांटे की टक्कर होगी। ऐसे में अभी यह कह पाना थोड़ा मुश्किल होगा की इन पार्टियों में किसका कौन सा प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंकेगा।
भाजपा, सपा और कांग्रेस ने अपने अधिकतर लोकसभा प्रत्याशियों का नाम उजागर कर दिया है। लेकिन दो महत्वपूर्ण सीटों प्रयागराज और फूलपुर की सीट पर अभी भी कशमकश की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ भाजपा से केशरी देवी पटेल वहां की मौजूदा सांसद है। जो कि स्वयं टिकट को लेकर जोर आजमाईश कर रही है। जबकि उनका टिकट इस बार कटा दिखाई दे रहा है। दूसरी तरफ फूलपुर सीट से अन्य कई दावेदार भी हाई कमान की चौखट पर दंडवत प्रणाम कर रहे है।
उधर इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अपने पत्ते खोल चुकी है। एक तरफ इलाहाबाद सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार को टिकट मिलने के उम्मीद जताई जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी खुद फूलपुर की सीट पर अपना दावेदारी ठोक रही है। बीजेपी से अभी तक प्रयागराज से किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, ना ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की तरफ से किसी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया गया है। अब कयास ये लगाया जा रहा कि यदि प्रयागराज सीट से बीजेपी ने ब्राह्मण को टिकट दिया तो मुकाबला दिलचस्प होगा। प्रयागराज की सीट पर ब्राह्मण वोटर के साथ-साथ अन्य वोटर भी बीजेपी की तरफ अपना रुख कर रहे हैं। अगर बात की जाए फूलपुर लोकसभा सीट की तो यहां समाजवादी पार्टी किसी पटेल को उम्मीदवार बनाने में लगी है। फिलहाल इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा। कयास यह लगाया जा रहा है कि बीजेपी से पटेल उम्मीदवार को टिकट दिया जा रहा है। जिस तरह से अनुप्रिया पटेल और उनके कार्यकर्ता लगातार फूलपुर लोकसभा सीट में सभी विधानसभा में जोर आजमाईश कर रहे है उससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि करीब 4 महीने पहले ही जमीन तलाशना शुरू कर दिया था। अपना दल ने इसको लेकर पदयात्रा भी निकली थी। वोटरों को रिझाने का प्रयास भी किया था। मौजूदा समय की अगर बात की जाए तो प्रयागराज और फूलपुर सीट पर बीजेपी का वर्चस्व कायम है।
वही एक तरफ भाजपा को यह भय सता रहा है कि अगर समाजवादी पार्टी जो सिराथू से सपा विधायक पल्लवी पटेल को फूलपुर सीट से मैदान में उतारा तो यहां का मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। इस महामुकाबले में दो दिग्गज पटेल आमने सामने होंगे। अमृत विचार ने जब कुछ पार्टी के नेताओं से हकीकत जानने का प्रयास किया तो उनका जवाब अलग-अलग निकला।
किसने क्या कहा
भाजपा ने देश के लिए बहुत काम किया है। जिसकी वजह से भाजपा का परचम हर तरफ लहरा रहा है। महिलाओ के लिए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने जो किया है किसी की सरकार में नहीं किया गया। पहले महिलाये न ही सुरक्षित थी, न ही स्वालंबी। -अर्चना शुक्ला, उपाध्यक्ष, काशी प्रांत भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ गुजरातियों को बढ़ाने का काम किया है। इसके अलावा उनके पास और कोई काम नहीं था। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। महंगाई चरम पर आ चुकी है, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपने गुजरात और गुजरात वासियों को ध्यान दिया है। -बब्बन दुबे, वरिष्ठ सपा नेता
ये भी पढ़ें -उत्तर प्रदेश में जंगल राज, कानून नाम की चीज नहीं बची: प्रियंका गांधी
