सुलतानपुर: बाइक सवार दंपति को स्कार्पियो ने रौंदा, पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर, मासूम बाल-बाल बचा
कादीपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बजरंग नगर बाजार के पास गुरुवार को स्कार्पियो ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल हो गया। छह माह का मासूम बाल बाल बच गया।
करौंदीकला थाने के बहाउद्दीनपुर के निवासी संजय (25) अपनी पत्नी प्रियंका (23) एवं छह माह के बेटे संस्कार के साथ कादीपुर की तरफ से अपने घर जा रहे थे। वह जैसे ही बजरंग नगर चौराहे के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया एवं मासूम बच्चा बाल बाल बच गया।
पुलिस ने पत्नी का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल संजय को स्थानीय सीएचसी लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढे़ं: पीएम मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का भी हो रहा कल्याण: रामचंद्र यादव
