Etawah Murder: पति ने पत्नी की लोहे की रॉड से की हत्या...बेटी का खून से लथपथ शव देखकर पिता की निकल गई चीख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में पत्नी की हत्या कर दी

इटावा, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न करने पर युवक ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घर के मेन गेट में ताला बंद करके भाग निकला। युवती से फोन पर बात न हो पाने पर पिता पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।

फ्रेंड्स कॉलोनी थानाक्षेत्र के मोहल्ला हरिशंकरपुरम में रहने वाले पवन कुमार उर्फ दीपक की पत्नी 25 साल की पूनम की लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारा मेन गेट का ताला बंद करके भाग निकला। जयसिंहपुर किशनी मैनपुरी के रहने वाले मृतका के पिता रामचंद्र सिंह ने सोमवार की सुबह अपनी बेटी के फोन पर कॉल की तो फोन नहीं मिला। 

इससे उनको चिंता हुई और वह कुछ समय में ही अपनी बेटी के घर हरिशंकरपुरम पहुंचे। लेकिन मेन गेट में ताला लगा देखकर वह घबरा गये। उन्होंने पड़ोसी से सीढ़ी लेकर घर की छत पर चढ़कर नीचे पहुंचे। अंदर कमरे खुले पड़े थे और एक कमरे में बेड पर पूनम का खून से लथपथ शव पड़ा था। ये देखकर पिता की चीख निकल गई।

पड़ोसियों की जानकारी पर थाना पुलिस पहुंची और छानबीन की। घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी लोहे की रॉड मिली है। इसी रॉड से बेरहमी से हत्या किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कुछ ही देर में एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और छानबीन की। शव से दुर्गंध आ रही थी, इससे दो तीन दिन पहले घटना को अंजाम देने की संभावना है। 

आरोपी पति पूनम को 5 मार्च को उसके मायके से लेकर आया था। पिता ने अपने दामाद पर दहेज को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि बेटी के तीन बेटे हैं, उनको दामाद पांच महीने पहले घुमाने का बहाना करके अपने रिश्तेदार के घर में ले गया था। इसके बाद पूनम अपने मायके चली गयी थी। एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी ने बताया कि घटना तीन दिन पहले की दिखाई दे रही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Loot: बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला से लूटी चेन...शिव मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी घर, देखें- VIDEO

संबंधित समाचार