Kannauj News: महानिदेशक ने आरोपी शिक्षकों की शिनाख्त के बाद दिए कार्रवाई के निर्देश...जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में महानिदेशक ने आरोपी शिक्षकों की शिनाख्त के बाद दिए कार्रवाई के निर्देश

कन्नौज, अमृत विचार। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक को 29 फरवरी को रिश्वत के मामले में फंसाने, मारपीट करने व एनवीआर चोरी करने के आरोपी पड़ोसी जिलों के शिक्षकों पर कार्रवाई करने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने हरी झंडी दे दी है। स्थानीय स्तर पर उनकी शिनाख्त तो हो गई है, लेकिन बीएसए ने संबंधित जिले औरैया, आगरा व उन्नाव के अधिकारियों को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है। कार्रवाई को भी कहा है।   

एंटी करप्शन टीम व उनके इर्दगिर्द रहकर 29 फरवरी को बीएसए कार्यालय में साक्ष्य मिटाने वाले शिक्षकों की शिनाख्त हो गई है। उनके विद्यालयों का नाम भी पता हो गया है। इसको लेकर बीएसए उपासना रानी वर्मा ने औरैया के बीएसए अनिल कुमार सिंह, उन्नाव बीएसए संगीता सिंह व आगरा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार को पत्र लिखा है। 

इसमें सीसीटीवी कैमरों व वायरल वीडियो की फुटेज, फोटो, सोशल मीडिया अकाउंट की डिटेल भी भेजी गई है। कहा गया है कि अगर यह शिक्षक संबंधित जिलों में तैनात हैं और वही हैं तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने भी कार्रवाई करने को कहा है। 
 
इनकी भूमिका बताई गई संदिग्ध

1-आरोपी नेत्रपाल सिंह सेंगर, औरैया

बीएसए कन्नौज ने बेसिक शिक्षा विभाग औरैया को पत्र लिखकर कहा है कि प्राथमिक विद्यालय एैली ब्लॉक अछल्दा में तैनात शिक्षक नेत्रपाल सिंह सेंगर की भूमिका संदिग्ध है। गलत तरीके से कार्यालय में घुसे दो व्यक्तियों ने बीएसए कक्ष से सीसीटीवी फुटेज की हार्डडिस्क (एनवीआर) सुनियोजित ढंग से मिटाने के उद्देश्य से उखाड़ ली है। इसमें शामिल एक व्यक्ति ने दराजों की छानबीन भी की। आरोपी गैर मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठन का जिला संयुक्त मंत्री है।

2- आरोपी यदुवेंद्र शर्मा, आगरा

आगरा के भी बीएसए को लिखे पत्र में कहा गया है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाला शिक्षक यदुवेंद्र शर्मा, प्रधानाध्यापक पद पर प्राथमिक विद्यालय नरी कंकरी ब्लॉक शमसाबाद में तैनात है। वह भी गैर मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठन का प्रदेश संगठन मंत्री है। उसके भी कपड़ों के रंग व हुलिया का जिक्र कर पत्र भेजा गया है। आरोपी बीएसए कक्ष में घुसा था और एनवीआर को ले जाने में सहयोग किया है। वहां काउंटर की रैक भी खंगाली हैं।
 
3-आरोपी प्रवीन कुमार पाल, उन्नाव

वरिष्ठ लिपिक विमल पांडेय से मारपीट करने व फाइल से रुपये गिराने के मामले में नीली शर्ट पहने आरोपी प्रवीन कुमार पाल सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय वैरी सादीपुर ब्लॉक बांगरपुर जिला उन्नाव में तैनात है। फुटेज में फाइल देकर रुपये गिराने का मामला पकड़ा गया है। उसके बारे में बीएसए उन्नाव को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा गया है। उससे पहले सबूतों के तौर पर आरोपी की शिनाख्त करने की बात भी कही गई है। 

पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर खुलासा

पत्रों में जिक्र है कि 29 फरवरी को ही कन्नौज डीएम व एसपी को पत्र भेजकर जानकारी दी गई। साथ ही एनवीआर वापस दिलाने का अनुरोध किया गया, जिससे हकीकत सामने आए। लेकिन दूसरे डीवीआर में घटनाक्रम कैद हो गया। कई शिक्षकों ने सीसीटीवी फुटेज व वायरल वीडियो देखकर अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया है कि एनवीआर चुराने वाले व्यक्तियों में औरैया, आगरा व उन्नाव के शिक्षक हैं। इसमें वह भी आरोपी शामिल है, जिसने वरिष्ठ लिपिक विमल पांडेय पर फाइल में रखे जबरन रुपये फेंके और मारपीट की है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: गंगा बैराज से मौत की लगाई छलांग, वीडियो देख लोग हो गए हैरान...दो चौकियों के बीच होता करतब, पुलिस अनजान

संबंधित समाचार