सिर्फ एक फॉर्म भरकर घर बैठे अपना वोट दे सकेंगे बुजुर्ग मतदाता, जानिए क्या है प्रक्रिया
85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाता पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट देने हेतु फार्म-12डी में करें आवेदन
लखनऊ, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग सभी चुनावों में वोट प्रतिशत को बढ़ाने का पूरा प्रयास करता है। इसके लिए कई तरह के कार्यक्रम भी ब्लॉक स्तर पर चलाये जाते हैं। निर्वाचन आयोग के तरफ से आगामी चुनावों में बुजुर्ग मतदाताओं के लिए घर बैठे वोट देने की सुविधा दी जा रही है।
नवीनतम दिशा-निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को मतदान करने के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी यूपी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के समस्त 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि वे स्वेच्छा से पोस्टल बैलेट के माध्यम से निवास स्थान पर मतदान करने हेतु निर्धारित फार्म-12डी में आवेदन कर अपने निवास स्थान पर मताधिकार का उपयोग कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फार्म-12डी अधिसूचना जारी होने के 5 दिवसों के अन्दर सम्बन्धित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही भरा हुआ फार्म-12डी प्राप्त किया जाएगा। फार्म-12डी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.eci.gov.in के होम पेज पर MENU के अन्तर्गत candidate nomination and other forms के लिंक पर उपलब्ध है। इसे डाउनलोड करके भरकर सम्बन्धित निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर के कार्यालय में जमा कराया जायेगा।
