UP में लगेंगे 100 सीबीजी प्लांट, गोरखपुर में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने किया ऐलान-CM योगी ने किया शुभारम्भ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर/ लखनऊ, अमृत विचार। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में दस सीबीजी प्लांट हैं और आने वाले समय मे यहाँ सौ सीबीजी प्लांट स्थापित होंगे। 

केंद्रीय मंत्री पुरी शुक्रवार को धुरियापार में इंडियन ऑयल के सीबीजी प्लांट के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीबीजी प्लांट पर्यावरण की रक्षा, किसानों की आमदनी बढ़ाने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा प्रयास है। इंडियन ऑयल की तरफ से यह प्लांट 165 करोड़ रुपये की पूंजी निवेश से स्थापित हुआ है। इस प्लांट में रोजाना 200 मीट्रिक टन कृषि अवशेष (धान का भूसा) 20 मीट्रिक टन प्रेसमड और 10 मीट्रिक टन मवेशियो के गोबर का उपयोग होगा। बायोगैस प्लांट में प्रतिदिन लगभग 20 मीट्रिक टन बायोगैस और 125 मीट्रिक टन जैविक खाद का उत्पादन होगा। जैविक खाद से कृषि की पैदावार बढ़ाने में मदद मिलेगी केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाई गई ग्रीन हाइड्रोजन नीति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेक्टर में तेजी से निवेश होगा। उन्होंने कहा कि यूपी में उनके गोद लिए जिले सोनभद्र में भी ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट लगाने की व्यवस्था कराई जाएगी। 

24 - 2024-03-08T185843.128

ऊर्जा क्षेत्र में भी होगी अन्नदाता की बड़ी भूमिका
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी अन्नदाता किसानों की बड़ी भूमिका होगी। यह सीबीजी प्लांट इसी भूमिका से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर का काम देश में 2014 से 60 साल पहले शुरू हुआ था। 2014 तक 14 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए थे जो पीएम मोदी के मार्गदर्शन में अब 32 करोड़ हो गए हैं। 2016 में शुरू उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं उनमें 8 करोड़ ग्रामीण महिलांए हैं। 

25 - 2024-03-08T185953.808

सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने को अग्रसर
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इससे देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में यूपी का बड़ा योगदान होने जा रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे तीव्र क्रियान्वयन योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

ये भी पढ़ें -सुधा मूर्ति राज्यसभा के लिए मनोनीत, पीएम मोदी ने बधाई देते हुए कही ये बात...

संबंधित समाचार