ED Raid On Irfan Solanki: करोड़ों की संपत्ति के राज उगलेगी इरफान की डायरी...प्रापर्टी, धार्मिक यात्रा, आमदनी आदि का ब्योरा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

करोड़ों की संपत्ति के राज उगलेगी इरफान की डायरी

कानपुर, अमृत विचार। ईडी को सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर से जो डायरी मिली है, इसमें इरफान की हैंड राइटिंग है। इस डायरी में इरफान की काली कमाई से जुड़े अहम राज ईडी को मिले हैं। इरफान की पत्नी नसीम भी अब ईडी की रडार पर आ चुकी हैं। 

सपा विधायक इरफान सोलंकी, भाई रिजवान सोलंकी और पिता स्व. हाजी मुश्ताक सोलंकी के घर की कीमत डायरी में 57 करोड़ रुपये दर्ज है। इरफान की पत्नी नसीम के नाम करोड़ों रुपये किस कारोबार में लगाए गए हैं, ये भी दर्ज किया गया है।

चमनगंज, गद्दियाना और सजारी के आस पास की प्रापर्टी का हिसाब किताब लिखा है। धार्मिक यात्रा का खर्च, नूरी शौकत और उनके पिता शौकत को दिए गए रुपये की जानकारी दी गई है।

दिल्ली और नोएडा में नौ फ्लैट और मुंबई में दुबई में रहने वाले शाहनवाज के साथ रियल इस्टेट के कारोबार में लगी रकम भी इस डायरी में दर्ज है। घर में मौजूद लोगों ने बताया कि ये डायरी डिजिटल तिजोरी में रखी थी, जिसके पासवर्ड की जानकारी न होने पर इलेक्ट्रॉनिक कटर से इसे काटा गया।

सूत्रों ने बताया कि जिन घरों में छापा डाला गया वहां रहने वाले के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। किसी भी समय दोबारा छापेमारी की जा सकती है। सपा विधायक की पत्नी नसीम से भी पूछताछ हो सकती है।

सूत्रों ने बताया कि तमाम बेनामी संपत्ति की जानकारी ईडी को हुई है। जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर की कीमत 14 करोड़ रुपये है। ईडी के अफसरों को छह साल में 50 करोड़ कैश के ट्रांजेक्शन मिले हैं।

इरफान की आय नहीं बढ़ी, लेकिन प्रॉपर्टी 228 गुना बढ़ हुई। ईडी के अफसर 14 मोबाइल साथ ले गए हैं। दो रजिस्ट्री के कागजात समेत कई दस्तावेज भी टीम साथ ले गई। 

हाजी वसी बोला, कारोबार के बारे में ली जानकारी 

हाजी वसी ने बताया कि ईडी ने उससे तीन जून को हुए उपद्रव के संबंध में जानकारी ली, उसकी संपत्तियों के संबंध में पूछा गया। इरफान से संबंध कब से हुए थे? कितनी संपत्तियों में उसके साथ पार्टनर हैं, उपद्रव के दौरान की गई फंडिंग कहां से आई थी? जो रकम दी गई वह उसकी खुद की कमाई थी या उसे किसने दी थी? अगर दी थी तो किसने दी थी? ये सवाल पूछे गए। वसी ने बताया कि उसके परिवार वाले पूछताछ के बाद से अब तक सामान्य नहीं हुए हैं। वहीं नूरी शौकत के भाई शेखू ने बताया कि टीम ने सभी से पूछताछ की है। कुछ बताने से मना किया है। 

सपा विधायक बोले, चुनावी छापेमारी

इस मामले में कैंट से सपा विधायक हसन रूमी ने बताया कि इरफान तो पहले से ही जेल में है। इरफान के मामले में 14 मार्च को कोर्ट से फैसला आना है। चुनाव के समय ईडी आई है। चुनाव के समय ईडी आई तो कई सवाल हैं। ये चुनावी छापेमारी है।

संबंधित समाचार