बदायूं: थानाध्यक्ष के कमरे में रुपयों का लेनदेन, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO...जानिए मामला
- पुलिस के अनुसार तीन महीने पुराना है वीडियो, शुरू की है जांच
बदायूं, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की घोषणा जल्द हो जाएगी। भाजपा योजनाओं का प्रचार कर रही है। इसी बीच भाजपा मंडल अध्यक्ष का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह थाना उघैती के थानाध्यक्ष के कमरे में एक सिपाही से रुपये लेकर अपने साथी को देते नजर आए हैं। किसी ने वीडियो वायरल कर दिया। मामला तीन महीने पुराना बताया जा रहा है।
शनिवार को थाना उघैती के थानाध्यक्ष कार्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें विधानसभा सहसवान के कस्बा उघैती क्षेत्र के भाजपा के मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा कमरे में बैठे थे। एक सिपाही ने नोट गिने। मंडल अध्यक्ष की ओर रुपये बढ़ाए। मंडल अध्यक्ष ने पास में ही कुर्सी पर बैठे
पुलिसकर्मियों को देने के लिए इशारा किया। सिपाही ने मंडल अध्यक्ष के साथ आए एक युवक को रुपये दे दिए। जिसके बाद उसने भी रुपये गिने। इस दौरान किसी को भी यह नहीं पता था कि मामले की वीडियो बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष पहले भी कई विवादों के चलते सुर्खियों में रहे हैं। वीडियो तीन महीने पुरानी बताई गई है। अधिकारियों ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है। उघैती थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि वीडियो उनके समय का नहीं है। अधिकारियों को जानकारी दी गई है।
वीडियो देखा था। आरोप लगाए जा रहे हैं जो पूरी तरह से निराधार हैं। कब और किसने वीडियो बनाया और बढ़ा चढ़ाकर दिखाया है इसकी जानकारी नहीं है। जांच करा ली जाए- महेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष, भाजपा।
वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। मंडल अध्यक्ष को बुलाकर जानकारी की जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी- राजीव कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा।
सोशल साइट्स पर वीडियो वायरल हुआ था। जो तीन महीने पुरानी बताई जा रही है। मामले की जांच कराई जाएगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी- राममोहन सिंह, एसपी देहात।
ये भी पढ़ें- बदायूं: 10 रुपये में बरेली और 20 में पहुंचें कासगंज...रेलवे ने लोगों को दी सहूलियत, जानिए वजह
