बरेली: न हों परेशान...नामांकन की तिथि तक बन सकते हैं मतदाता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिसूचना लागू हाेने से पहले वोटर लिस्ट में नाम घटाए और संशोधन कराए जा सकते हैं

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में मतदान करने के लिए अगर आपका नाम अभी मतदाता सूची में नहीं है तो परेशान न हों। अभी मतदाता बनने के लिए आपके पास मौका है। नामांकन की घोषित तिथि तक फार्म जमाकर मतदाता सूची में नाम शामिल करा सकते हैं।

दरअसल, प्रशासन की ओर से 27 अक्टूबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई थी। छह अलग-अलग तिथियों में सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाकर लोगों के फार्म भरे गए। नौ दिसंबर तक संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया, इसमें नए वोटर बनने के लिए, मतदाता सूची से नाम घटाने, बढ़ाने, मृतकों के नाम हटाने के लिए कार्यवाही की गई। 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं ने भी मतदाता सूची में नाम बढ़ाए गए। 22 जनवरी को सूची प्रकाशित की जा चुकी है।

हालांकि, इसके बाद भी मतदाता सूची में वोटरों के नाम घटाने, बढ़ाने और संशोधन की प्रक्रिया चल रही है, फिर भी अभी काफी संख्या में ऐसे लोग होंगे, जिन्होंने हाल के दिनों में 18 साल की उम्र पूरी की होगी या फिर कुछ ऐसे लोग जिनके नाम मतदाता सूची से हटाने हैं, संशोधन कराना है, उनके लिए अभी समय है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची से नाम घटाने और संशोधन कराने की कार्यवाही आचार संहिता लगने से पहले तक की जाएगी। अधिसूचना लगने के बाद नाम घटाने, संशोधन के लिए आने वाले फार्म स्वीकार नहीं होंगे। चुनाव के बाद शामिल किया जा सकेगा। नामांकन होने वाली तिथि तक वोटर लिस्ट में मतदाता बनने के लिए नाम शामिल किए जा सकते हैं।

आज और क्षेत्र में जाएंगे बीएलओ, पढ़ेंगे मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग के आदेश पर सभी बीएलओ क्षेत्र में मतदाता सूची लेकर पहुंचेंगे। कुछ संभ्रांत लोगों को एकत्रित कर उनके सामने गांव, मोहल्ले की वोटर लिस्ट को पढ़ेंगे। इस दौरान अगर किसी के नाम घटने, बढ़ने हैं तो फार्म भर सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। शनिवार को भी यह प्रक्रिया चलती रही। काफी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची में नाम घटाने, बढ़ाने के लिए फार्म 6,7,8 भरे।

क्षेत्र में जाकर दिव्यांग मतदाताओं का करें सत्यापन : डीएम
शनिवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार जसौली स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में मौजूद बीएलओ से दिव्यांग मतदाताओं के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि दिव्यांग मतदाताओं का सत्यापन क्षेत्र में जाकर करें। उन्होंने स्मार्ट क्लास की व्यवस्थाओं को भी परखा।

ये भी पढ़ें- बरेली: गैंगस्टर सचिन ने श्मशान घाट में गुजारी थी रात, बचने के लिए सिर और मूंछ मुंडवा कर बदला था भेष

संबंधित समाचार