राजस्थान: कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों सहित कई पार्टी नेता भाजपा में शामिल, 2 तो गहलोत कैबिनेट में रहे मंत्री 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव और लाल चंद कटारिया सहित कई पार्टी नेता रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। कांग्रेस के पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, विजयपाल मिर्धा, खिलाड़ी लाल बैरवा, पूर्व निर्दलीय विधायक और गुजरात की पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल के बेटे आलोक बेनीवाल, कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चौधरी,पार्टी नेता रामपाल शर्मा, रिजु झुनझुनवाला और अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए। 

जयपुर में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इन लोगों का पार्टी में स्वागत किया। भाजपा का दामन थामने वाले लाल चंद कटारिया और राजेंद्र यादव अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। रिछपाल मिर्धा पूर्व कांग्रेस सांसद ज्योति मिर्धा के चाचा हैं।

ज्योति मिर्धा 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थीं और उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए नागौर सीट से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया हैं। उनके अलावा, भाजपा के पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर, जिन्होंने पार्टी से अलग होकर ‘जनता सेना’ नाम से पार्टी बनाई थी उसका भी भाजपा में विलय हो गया।

ये भी पढ़ें- आजमगढ़ में बोले PM मोदी, पिछली सरकारों ने आंखों में झोंकी धूल, 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दौड़ रहा हूं 

संबंधित समाचार