बरेली: नामी स्कूल के अध्यापक ने छात्रा को भेजा अश्लील मेसेज, परिजनों ने किया हंगामा
बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर में डोहरा रोड के एक नामी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा ने परेशान करने का आरोप लगाया है। शनिवार को छात्रा के परिजनों ने स्कूल में जाकर हंगामा किया और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। प्रबंधन के समझाने पर परिजन शांत हुए और शिकायती पत्र नहीं दिया।
आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा से कहा कि वह उसे पसंद करता है, जब छात्रा ने मना किया तो वह नाराज हो गया और अश्लील मेसेज भेजने लगा। वह छात्रा को स्कूल आते-जाते परेशान करता है। वह स्कूल के बाहर मिलने का दबाव बनाने लगा। शनिवार सुबह छात्रा के फोन में अध्यापक के मेसेज देखने के बाद छात्रा के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। परिजनों के पूछने पर छात्रा ने बताया कि अध्यापक उसे परेशान करता है। जिसके बाद परिजनों ने स्कूल जाकर हंगामा किया।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस को स्कूल प्रबंधन ने अध्यापक को स्कूल से निकालने का आश्वासन दिया तो छात्रा के परिजन शांत हुए। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया मामला संज्ञान में है, लेकिन छात्रा के परिजनों ने लिखित शिकायत नहीं की है, अगर वह शिकायत करते हैं तो अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: कुट्टू के आटे की पूड़ियां खाने से हालत बिगड़ी तो टूटी FSDA की नींद, सैंपल जांच के लिए भेजा
