Kanpur Crime: पति ने पत्नी पर हसिये से किया हमला...इलाज के दौरान मौत, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कानपुर में पति ने पत्नी पर हसिये से हमला कर दिया
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज में शनिवार देर रात नशेबाज पति ने शादी में ले जाने के बहाने पत्नी पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया और भाग निकला।
रविवार सुबह हैलट में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने आरोपित पति व ससुरालीजन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित पति की तलाश कर रही है।
महाराजपुर, शेखपुर निवासी भगवानदीन की बेटी रीमा (38) की शादी बनियापुरवा निवासी मजदूर फगुनी से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे मोंटी, लकी और राखी हैं। भगवानदीन ने बताया कि फगुनी शराब का लती है। नशे में धुत होकर आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था।
रीमा किसी तरह मजदूरी करके परिवार चलाती थी। आरोप है कि शनिवार को फगुनी शादी में ले जाने के बहाने रीमा व पांच वर्षीय बेटी राखी को साथ ले जा रहा था। जागेश्वर मंदिर के पास फगुनी ने रीमा पर हंसिया से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया।
शोरगुल सुनकर राहगीरों के दौड़ाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने रीमा को हैलट अस्पताल में भर्ती करा कर परिजनों को सूचना दी। रविवार सुबह इलाज के दौरान रीमा ने दम तोड़ दिया।
मां फूलमती ने बताया कि फगुनी और बेटी के ससुरालीजनों पर प्रताड़ित व हत्या करने का आरोप लगाया। एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पति व ससुरालीजनो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पति की तलाश की जा रही है। दो टीमों की तलाश में जुटी है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर दर्शन के लिए गए छह जिगरी दोस्त, घर आई मौत की खबर, सोशल मीडिया में वो आखिरी सेल्फी...
