Bareilly News: 190 यात्रियों से भरी डग्गामार बस खाई में जाकर पेड़ से टकराई, 20 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत हाइवे पर ब्लैक स्पॉट गौटिया तिराहे पर 190 सवारियों से भरी स्लीपर बस खाई में जाकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बीस सवारियां घायल हो गईं। अमन ट्रेवल्स की बस बहराइच से रोहतक जा रही थी। कुछ सवारियाें ने भूसी भरे ट्रक को बचाने तो कुछ ने ड्राइवर के नशे में होने की वजह से हादसा होना बताया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ भी की।

हादसा रविवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। बस में भूसे की तरह भरी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने थाना पुलिस को सूचना दी और लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। हाफिजगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सवारियां को बस से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ सवारियां चालक दरवाजे से निकलीं तो अन्य सवारियाें को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकला गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बस में बैठी सवारियों को चोटें आईं हैं पर कोई गंभीर घायल नहीं हुआ।

सवारियां बोली शराब के नशे में था चालक
सवारियों ने बताया कि बस चालक शराब के नशे में था और बस की गति अधिक थी। चालक हादसा होने के साथ ही कूद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर रही है।

31 जनवरी को बिशनपुर के पास भी पलटी थी बस
31 जनवरी को लखीमपुर से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस नवाबगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के पास हाइवे पर पलट गई थी। इस हादसे में भी सवारियां घायल हुईं थीं। नवाबगंज और हाफिजगंज थाना क्षेत्र से होकर दर्जनों डग्गामार डबल डेकर बसें प्रतिदिन शाम को फर्राटा भरती हैं। इन बसों से जहां विभाग को प्रतिदिन लाखों का चूना लगता है तो वहीं इन बसों में सवारियों को भूसे की तरह भरकर उनकी जिंदगी से भी खिलवाड़ किया जाता है।

हाफिजगंज क्षेत्र के गौटिया तिराहे पर एक बस खाई में उतर गई और पेड़ से जा टकराई। कुछ सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।-मुकेश मिश्रा, एसपी देहात उत्तरी

ये भी पढ़ें- Bareilly News: ससुर की कनपटी पर तमंचा रखकर बहू से की लूट, रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

 

संबंधित समाचार