Bareilly News: 50 हजार लोग दिन भर पानी के लिए तड़पे, अफसर ने एक झूठ बोलकर मनाई छुट्टी
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ने शनिवार शाम को ही दावा कर दिया था कि किला पुल के पास टूटी पानी की अंडरग्राउंड पाइप लाइन को ठीक कर दिया गया है लेकिन रविवार को पता चला कि पाइप लाइन ठीक करना तो दूर, यही नहीं पता चल पाया है कि पाइप लाइन सड़क के नीचे कहां गुजर रही है और उसमें कहां फाल्ट हुआ है।
दिन में खुदाई करने के बाद भी फाल्ट नहीं मिला तो काम रोककर पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। इस कारण तीन वार्डों के 50 हजार से ज्यादा घरों में दूसरे दिन भी पानी नहीं पहुंचा।
किला पुल के पास शनिवार को अंडरग्राउंड पाइप लाइन टूटने के बाद पूरी सड़क पर दो फुट तक पानी भर गया था। पूरे दिन पानी बहते रहने के बाद शाम को पानी की सप्लाई बंद करा दी गई थी।
शनिवार को टूटी पाइप लाइन को ठीक करने के लिए कोई काम नहीं हुआ लेकिन फिर भी जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सिद्धार्थ कुमार ने दावा कर दिया कि पाइप लाइन को ठीक कर दिया गया है और बाधित हुई पानी की सप्लाई रविवार सुबह बहाल हो जाएगी। इसके बाद सुबह लोग घरों में पानी आने का इंतजार करते रहे लेकिन देर शाम तक सप्लाई शुरू नहीं हुई।
उधर, रविवार सुबह जलकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची। किला पुल की सर्विस रोड बंद करके पहले ड्रिल मशीन के जरिए सड़क पर खुदाई शुरू की गई। इसके बाद भी दोपहर तक पाइप लाइन नहीं मिली तो स्वास्थ्य विभाग की जेसीबी मंगाकर और गहरी खुदाई कराई गई, इसके बाद भी जल निगम के कर्मचारी टूटी पाइप लाइन को तलाश नही कर पाए।
शाम को एक बार फिर पानी की सप्लाई शुरू कराकर अंदाजा लगाने की कोशिश की गई कि लीकेज कहां हैं, लेकिन इसका भी कोई नतीजा नहीं निकला। आखिर में पानी की सप्लाई बंद कराकर टीम लौट गई। जलकल विभाग के एक्सईएन खुद पूरे दिन मौके पर नहीं पहुंचे।
किसी को नहीं पता, कहां बिछी है पुरानी पाइप लाइन
पाइप लाइन टूटने से वार्ड 74 घेर शेख मिट्ठू, वार्ड 74- इंग्लिशगंज, और जसौली वार्ड के रेती मोहल्ले के 50 हजार से ज्यादा घरों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है।
कटघर वार्ड की पार्षद इरफाना के पति अब्दुल सलीम के मुताबिक किला पुल के निर्माण के दौरान यह लाइन सड़क के बीच में थी। इसमें पाइप जोड़कर पुल की दीवार के बराबर लाया गया था। डेकचून की यह पाइप लाइन महापालिका के समय डाली गई थी। सुबह जलकल विभाग के अफसरों ने बताया था कि नगर निगम में यह ब्योरा ही नहीं है कि कौन सी लाइन सड़क के नीचे कहां पड़ी है। इसी कारण इस फाल्ट के बाद उसे तलाश नहीं किया जा पा रहा है।
टेलीफोन कंपनी की ड्रिलिंग से टूटी पाइप लाइन
बताया जा रहा है कि शनिवार को एक टेलीफोन कंपनी किला पुल के पास सड़क पर ड्रिलिंग कर केबल डाल रही थी। इसी दौरान ड्रिल मशीन से पानी की पाइप लाइन टूट गई और सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी बहना शुरू हो गया।
यह भी कहा जा रहा है कि टेलीफोन कंपनी ने सड़क पर ड्रिलिंग करने से पहले इसकी अनुमति नहीं ली थी। यही वजह थी कि पाइप लाइन में लीकेज शुरू होते ही उसके कर्मचारी खिसक गए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह ने बताया कि टेलीफोन कंपनी ने सड़क काटने के लिए उनसे कोई अनुमति नहीं ली थी।
चौराहों पर लगे कैमरे की वायरिंग भी तोड़ गए
शहर में लगे कैमरों की अंडरग्राउंड वायरिंग भी किला पुल की सर्विस रोड के किनारे जा रही है। इसी लाइन से किला पुलिस चौकी चौराहे पर लगे कैमरे चलते हैं। सुबह कैमरों ने काम करना बंद किया तो फाल्ट ढूंढने की कोशिश की गई। पता चला कि जिस जगह पानी की पाइप लाइन टूटी थी, उसी जगह पाइप लाइन के चैंबर के पास कैमरे के तार भी कट गये हैं। इसके बाद यहां नए तार डाले गए।
पूरे दिन सर्विस रोड पर बंद रही आवाजाही
पाइप लाइन में फाल्ट तलाशने के लिए किला पुल सर्विस रोड को बंद करके काम किया गया जिसकी वजह से पूरे दिन इधर से गुजरने वालों को दिक्कत झेलनी पड़ी। खुदाई किए जाने से सड़क पर मिट्टी का ऊंचा टीला बन गया। शाम को पाइप लाइन को चेक करने के लिए जब पानी की सप्लाई शुरू किया गया तो यह मिट्टी कीचड़ की शक्ल में सड़क पर दूर तक फैल गई।
शनिवार दोपहर ही फाल्ट ठीक करने का दावा करने वाले अधिशासी अभियंता सिद्धार्थ कुमार रविवार शाम को भी इस बात से बेखबर थे कि फाल्ट ठीक हुआ है या नहीं। बोले, पानी की सप्लाई शुरू करने पर फिर लीकेज हो गई थी। मरम्मत कार्य जारी है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: प्रधानमंत्री ने 79.34 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऑनलाइन किया लोकार्पण
